युवक की गोली मारकर हत्या, नकाबपोश दो हमलावरों ने कान के नीचे किया फायर
हरदा। मध्यप्रदेश के हरदा में शनिवार रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर चेहरे पर कपड़ा बांधकर आए थे। हमलावरों ने युवक के कान के नीचे गोली मारी। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। वारदात छीपाबड़ थाना क्षेत्र में रात 7 बजे की है।
बावड़िया का रहने वाला जीतू पंडित यहां वर्कशॉप पर डंपर वॉश कराने आया था। वह रेत और लकड़ी का कारोबार करता था। उसे घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
तौलिया बांधे दो लोग सीसीटीवी में दिखे
एसडीओपी उदयभान सिंह का कहना है कि जीतू पंडित और उसके दोस्त दुकान पर बैठे थे। वहां चेहरे पर तौलिया बांधे दो लोग आए। उन्होंने वर्कशॉप में बाइक भी वॉश कराई। इसी दौरान उन्होंने पीछे से जीतू पंडित को गोली मार दी। आरोपी वर्कशॉप में लगे कैमरे में जाते नजर आए है। उनका मुंह बंधा दिख रहा है। फिलहाल जांच की जा रही है। साथ ही, आरोपियों की तलाश की जा रही है।
वर्कशॉप में कुर्सी पर बैठा था जीतू
जीतू पंडित वर्कशॉप पर कुर्सी पर बैठा था। तभी दो हमलावरों में से एक ने पीछे से उसे गोली मारी। दूसरा पहले से बाइक स्टार्ट कर खड़ा था। गोली मारकर दोनों बाइक से चारुवा रोड की ओर भाग गए। पुलिस ने घटना स्थल को सील कर दिया है। वहीं आसपास की दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।