जहां दीपावली पर बहुओं की पूजा होती है, वहां की बहू ने किया विवाद, अब समझाइश के बाद हंसी-खुशी लौटे
छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा में गुरुवार को अनोखा मामला आया। जिस परिवार में दीपावली पर बहुओं की लक्ष्मी मानकर पूजा की जाती है। इसी परिवार की बहू ने पति से विवाद के बाद थाने में शिकायत कर दी। वह रक्षाबंधन पर मायके आई थी। कुछ दिन बाद पति उसे लेने आया था। यहां किसी बात पर पति-पत्नी में विवाद हो गया। वह आने को तैयार नहीं हुई। मामला थाने पहुंच गया।
गुरुवार को परिवार परामर्श केंद्र में दोनों को समझाइश दी गई। इसके बाद दोनों में सुलह हो गई।
छिंदवाड़ा की रहने वाली आवेदिका और बैतूल निवासी युवक की शादी 2013 में हुई थी। युवक के चार भाई हैं। दीपावली पर लक्ष्मी पूजन के दिन सभी की पत्नियों का पूजन की परंपरा है। युवक के बड़े भाई की पत्नी के निधन के बाद सभी अलग-अलग रहने लगे।
गुरुवार को परामर्श केंद्र में 10 मामले रखे गए थे। दो मामले में समझौता हो गया था। बकाया मामलों में सुनवाई की जा रही थी।
शराब पीकर करता है मारपीट
इधर, एक आवेदिका ने परामर्श केंद्र में शिकायत की है कि पति शराब पीकर मारपीट करता है। बार बार समझाने के बाद भी पति की हरकतों में सुधार नहीं आया। इसके बाद दोनों को परामर्श केंद्र में काउंसलिंग के लिए बुलाया गया। दोनों को समझाइश दी गई।