बैतूल में तीसरा बेटा जन्मा, तो गला घोंट दिया, अब बेटी चाहता था आरोपी पिता

बैतूल। बैतूल में एक शख्स ने 12 दिन के नवजात बेटे का गला घोंट दिया। पहले से उसे 5 और 7 साल के दो बेटे हैं। अब वह बेटी चाहता था, लेकिन पत्नी ने बेटे को जन्म दिया। पुलिस ने सोमवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बजरवाड़ा के रहने वाले अनिल पिता रामू उइके रविवार शाम नशे में धुत होकर घटना को अंजाम दिया।
कोतवाली थाना प्रभारी आशीष सिंह पवार ने बताया कि अनिल चाहता था कि उसके घर बेटी का जन्म हो। इसे लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया था। वह पत्नी रुचिका को पीटने लगा। बचने के लिए पत्नी तीनों बच्चों को छोड़कर अकेले गांव चली गई। इस बीच, अनिल ने बेटे का गला घोंट दिया।
जानकारी लगते ही पाढर चौकी पुलिस पहुंची। वारदात के बाद आरोपी भाग गया था। सोमवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 302 का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी का कहना है कि वह दो बच्चों के बाद पत्नी को ऑपरेशन करने के लिए कह रहा था, लेकिन वह तैयार नहीं हुई। इसके बाद वह गर्भवती हो गई। तीसरी बार भी उसने बेटे को जन्म दे दिया, जबकि वह चाहता था कि उसके घर बेटी हो जाए।