Sunday, July 27, 2025
MP

… जब ऊर्जा मंत्री के सिर पर जला बल्ब: जादूगर ने प्रद्युम्न तोमर के शरीर में पैदा किया ‘करंट’; जमकर हंसे सिंधिया

ग्वालियर। हेडिंग पढ़कर आप भी चौंक गए होंगे। जी हां, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्मन सिंह तोमर के सिर पर टच करते ही एलईडी बल्ब जल उठा। ये कारनामा किया जादूगर ने। जादूगर ने मंत्री के शरीर में ‘करंट’ पैदा कर दिया। इसके बाद तोमर के सिर से बल्ब टच किया, तो वो जल उठा। बल्ब जलते ही केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत मौजूद लोग जमकर हंसने लगे।

दरअसल, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया दो दिवसीय प्रवास पर ग्वालियर आए थे।  इस दौरान उन्होंने कई कार्यक्रमों में शिरकत की। दिल्ली रवाना होने से पहले रविवार को वे रमटापुरा संयोग गार्डन में सर्व कोरी/कोली समाज के प्रतिभा सम्मान समारोह में भी पहुंचे। यहां जादूगर दुर्गा प्रसाद बकना भी आए थे। उन्होंने कार्यक्रम में आए लोगों का अपनी कला से मनोरंजन किया।

सिंधिया ने हाथ में लेकर चेक किया बल्ब

जादूगर दुर्गा प्रसाद अपने साथ LED बल्ब लेकर आए थे। उन्होंने कहा- देखिए, बिजली मंत्री में कितना करंट हैं। उन्होंने बल्ब तोमर के सिर पर लगा दिया। बल्ब तुरंत जलने लगा। दुर्गा प्रसाद का अंदाज कुछ ऐसा था कि मुख्य अतिथि सिंधिया अपनी हंसी नहीं रोक पाए।

काफी देर तक हंसने के बाद सिंधिया ने जादूगर को पास बुलाया। अपने हाथ में लेकर बल्ब चेक किया। उन्होंने इसे जादूगर के सिर पर लगाया, लेकिन बल्ब नहीं चला। इस पर बल्ब वापस करने के बाद सिंधिया एक बार फिर जोर-जोर से हंसने लगे। तोमर ने भी उनका साथ देते हुए ठहाका लगाया। दोनों मंत्रियों के इस मूड को देखकर वहां मौजूद सभी लोग भी ठहाके लगाने लगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *