जबलपुर लोकसभा सीट पर वोटिंग, पीठासीन अधिकारी निलंबित; शाम 5 बजे तक 56.74% मतदान

जबलपुर। जबलपुर लोकसभा सीट के लिए वोटिंग खत्म हो गई। शुक्रवार सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक 56.74 प्रतिशत मतदान हुआ। पनागर विधानसभा क्षेत्र के धरहर गांव में सड़क की मांग को लेकर मतदान का बहिष्कार कर दिया। शाम तक यहां 800 वोटर्स में से सिर्फ 13 लोगों ने वोट डाला।
आर्य कन्या शाला और लाला लाजपत राय वार्ड में ईवीएम में खराबी की वजह से सुबह 10 से 15 मिनट तक मतदान प्रभावित रहा। मतदान केंद्र – 173 के अंदर का फोटो वॉट्सएप ग्रुप पर शेयर करने पर पीठासीन अधिकारी रतन कुमार काे निलंबित कर दिया गया।
यहां मुख्य मुकाबला भाजपा प्रत्याशी आशीष दुबे और कांग्रेस प्रत्याशी दिनेश यादव के बीच है। वोटिंग के बाद भाजपा प्रत्याशी ने कहा, ‘हम एमपी की सभी 29 सीट जीत रहे।’ कांग्रेस प्रत्याशी बोले, ‘इस बार जनता बदलाव का मन बना चुकी है।’ राज्यसभा सांसद व कांग्रेस के सीनियर लीडर विवेक तन्खा ने भाजपा के 400 पार के नारे पर कहा, ‘मुझे नहीं लगता भाजपा 200 पार भी जा रही है।’

यहां 2,139 मतदान केंद्र बनाए गए। 15 हजार से ज्यादा कर्मचारी मतदान में जुटे रहे। 8 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई गई। 15 पोलिंग बूथ वल्नरेबल तो 482 क्रिटिकल हैं। कुल 18,94,304 मतदाता हैं। इनमें 961997 पुरुष, 93212 महिला, 95 ट्रांसजेंडर हैं। 38,459 लोग मतदाता हैं। 85 साल से ज्यादा के 6666 मतदाता हैं।
एमएलबी स्कूल में कनाडा से आए कपल वोटिंग प्रोसेस देखने के बाद बोले, ‘भारत का लोकतंत्र सबसे मजबूत लोकतंत्र हैं।’
शाम 5 बजे तक कितना मतदान
समय | मतदान प्रतिशत |
सुबह 9 बजे तक | 13.50% |
सुबह 11 बजे तक | 27.41% |
दोपहर 1 बजे तक | 39.41% |
दोपहर 3 बजे तक | 48.05% |
शाम 5 बजे तक | 56.74% |
मंत्री राकेश सिंह का दावा- बड़ी लीड से जीतेंगे आशीष दुबे
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने साइंस कॉलेज के पोलिंग बूथ पर मतदान किया। वे परिवार के साथ पहुंचे। उन्होंने कहा, ‘बीजेपी प्रत्याशी आशीष दुबे उनसे भी बड़ी लीड लेकर जीतेंगे।’ बता दें, राकेश ने 2019 के लोकसभा चुनाव में साढ़े चार लाख से ज्यादा वोट से विवेक तन्खा को हराया था।
धरहर गांव में मतदान का बहिष्कार, ‘रोड नहीं, वोट नहीं’ के नारे लगाए
पनागर विधानसभा के धरहर गांव में ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार कर दिया। उन्होंने ‘रोड नहीं तो वोट नहीं’ के नारे लगाए। दोपहर 2 बजे तक सिर्फ 11 ही लोगों ने मतदान किया।

पीठासीन अधिकारी निलंबित, पोलिंग बूथ का फोटो शेयर किया था
जबलपुर में मतदान केंद्र – 173 (विधानसभा 101-पनागर) के पीठासीन अधिकारी रतन कुमार (चार्जमेन विहिकल कैरिज फैक्ट्री जबलपुर) को निलंबित कर दिया गया है। अधिकारी ने पोलिंग बूथ के अंदर की फोटो क्लिक करवाकर अपने वॉट्सएप नंबर से वॉट्सएप ग्रुप महर्षि वाल्मीकि एकता क्लब में पोस्ट की थी। सेक्टर अधिकारी हेमंत अमहिया ने मोबाइल जब्त कर शिकायत सही होने की पुष्टि की।
कनाडा के कपल ने देखी वोटिंग प्रोसेस
जबलपुर में सुबह 11 बजे तक 27.41% मत डाले गए। कनाडा से आए लायल और एसी एमएलबी स्कूल में बने मतदान केंद्र पहुंचे। उन्होंने वोटिंग प्रोसेस देखकर कहा, ‘सब कुछ शांति से चल रहा है। भारत में लोकतंत्र को काम करते देखकर बहुत खुशी हुई। भारत का लोकतंत्र सबसे मजबूत लोकतंत्र हैं।’