MP की 6 लोकसभा सीटों पर वोटिंग आज, 88 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे 1 करोड़ से ज्यादा वोटर

भोपाल। लोकसभा चुनाव के पहले चरण में मध्यप्रदेश की 6 सीटों के लिए आज वोटिंग होगी। छह सीटों छिंदवाड़ा, जबलपुर, मंडला, बालाघाट, शहडोल और सीधी पर कुल 88 प्रत्याशी हैं। इनकी किस्मत का फैसला 1,13,09,636 मतदाता करेंगे। जबलपुर सीट पर सबसे ज्यादा 19 प्रत्याशी और सबसे कम 10 प्रत्याशी मंडला सीट पर हैं।
मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होकर शाम 6 बजे तक चलेगा। नक्सल प्रभावित बालाघाट के तीन विधानसभा क्षेत्र परसवाड़ा, लांजी और बैहर में सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक वोटिंग होगी। नक्सल गतिविधियों के मद्देनजर जबलपुर में एयर एंबुलेंस और बालाघाट में हेलिकॉप्टर भी है।

हाई प्रोफाइल सीट छिंदवाड़ा और मंडला पर सबकी नजर है। छिंदवाड़ा में कांग्रेस के नकुलनाथ और भाजपा के विवेक बंटी साहू, मंडला में बीजेपी प्रत्याशी के रूप में केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते का मुकाबला कांग्रेस प्रत्याशी ओमकार सिंह मरकाम से होगा।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया कि वोटिंग के लिए 13,588 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 2, 651 संवेदनशील व 221 मतदान केंद्र अतिसंवेदनशील हैं। वहीं, 1,118 पिंक बूथ भी हैं, जहां महिला अधिकारी-कर्मचारी वोटिंग कराएंगी। 33 बूथ ऐसे हैं, जहां दिव्यांग अधिकारी-कर्मचारी वोटिंग कराएंगे। चुनाव संपन्न कराने के लिए 54,352 कर्मचारी लगाए गए हैं। पहले चरण में जिन 6 लोकसभा सीटों पर वोटिंग होगी उनमें 13 जिलों के 47 विधानसभा क्षेत्र आते हैं।
कहां, कौन आमने-सामने
सीट | भाजपा प्रत्याशी | कांग्रेस प्रत्याशी | 2019 में कौन जीता |
छिंदवाड़ा | विवेक बंटी साहू | नकुलनाथ | नकुलनाथ |
जबलपुर | आशीष दुबे | दिनेश यादव | राकेश सिंह |
सीधी | डॉ. राजेश मिश्रा | कमलेश्वर पटेल | रीति पाठक |
शहडोल | हिमाद्री सिंह | फुंदेलाल मार्को | हिमाद्री सिंह |
मंडला | फग्गन सिंह कुलस्ते | ओमकार सिंह मरकाम | फग्गन सिंह कुलस्ते |
बालाघाट | भारती पारधी | अनुभा मुंजारे | ढाल सिंह बिसेन |