MP में पहले चरण की 6 लोकसभा सीटों पर मतदान, छिंदवाड़ा-जबलपुर में भाजपा-कांग्रेस समर्थकों में झड़प, बालाघाट में बूथ का वीडियो वायरल करने पर केस

भोपाल। लोकसभा चुनाव के पहले चरण में मध्यप्रदेश की 6 सीटों- छिंदवाड़ा, जबलपुर, मंडला, बालाघाट, शहडोल और सीधी पर शुक्रवार को वोटिंग हुई। छिंदवाड़ा के वार्ड नंबर 25 पर कांग्रेस-भाजपा कार्यकर्ताओं के झड़प हो गई। दोनों में हाथापाई के साथ एक-दूसरे पर कुर्सियां फेंकी गईं। पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए मामला शांत कराया। जबलपुर में भी भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर कुर्सियां चलीं।
छिंदवाड़ा की पांढुर्णा विधानसभा में कांग्रेस पर्यवेक्षक सुनील जुननकर पर नकाबपोश लोगों ने हमला करने की कोशिश की। बालाघाट में बूथ क्रमांक 242 शासकीय नेहरू प्राथमिक शाला और बूथ नंबर 195 शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज का वीडियो वायरल किया गया। कोतवाली थाना में दोनों मामलों की FIR दर्ज कराई गई।

कांग्रेस ने छिंदवाड़ा में बीजेपी नगर अध्यक्ष अंकुर शुक्ला का रुपए बांटने का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया। कांग्रेस ने लिखा- शुक्ला पैसे बांटते हुए कैमरे में कैद हुए हैं। बीजेपी की यह हरकत बता रही है कि बीजेपी छिंदवाड़ा का चुनाव बड़े अंतर से हार रही है। लोकतंत्र के इन हत्यारों को देश कभी माफ नहीं करेगा। “बीजेपी मतलब भ्रष्टाचार”।
जबलपुर में पोलिंग बूथ के अंदर का फोटो वायरल करने पर पीठासीन अधिकारी को निलंबित कर दिया गया। उधर, शहडोल, बालाघाट, जबलपुर, मंडला और सीधी के बूथों पर ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार किया। शाम 5 बजे तक सभी सीटों पर 63.25% मतदान हुआ।
शहडोल के नक्सल प्रभावित बूथ पर सुबह 10 बजे के पहले 100% वोटिंग हो गई। यहां 80 वोटर हैं। नक्सल प्रभावित बालाघाट के 3 विधानसभा क्षेत्र परसवाड़ा, लांजी और बैहर में शाम 4 बजे तक वोट डाले गए। नक्सल गतिविधियों के मद्देनजर जबलपुर में एयर एंबुलेंस और बालाघाट में हेलिकॉप्टर भी तैनात रखे गए।

जबलपुर में भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच बहस
जबलपुर में शाम को महात्मा गांधी वार्ड में भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। इनके बीच जमकर बहस हुई। दोनों के बीच जमकर कुर्सियां चलीं। एएसपी सोनाक्षी सक्सेना ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाइश देकर मामला शांत कराया। कांग्रेस ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर समय खत्म होने के बाद भी बूथ में घुसने का आरोप लगाया।
शाम 5 बजे तक 63.25 प्रतिशत मतदान
जबलपुर- 48.05
बालाघाट- 63.69
छिंदवाड़ा 62.57
मंडला 58.28
शहडोल 48.64
सीधी- 40.60
(वोटिंग प्रतिशत में)

कहां कौन आमने-सामने
सीट | भाजपा प्रत्याशी | कांग्रेस प्रत्याशी | 2019 में कौन जीता |
1.छिंदवाड़ा | विवेक बंटी साहू | नकुलनाथ | नकुलनाथ |
2.जबलपुर | आशीष दुबे | दिनेश यादव | राकेश सिंह |
3.सीधी | डॉ राजेश मिश्रा | कमलेश्वर पटेल | रीति पाठक |
4.शहडोल | हिमाद्री सिंह | फुंदेलाल मार्को | हिमाद्री सिंह |
5.मंडला | फग्गन सिंह कुलस्ते | ओमकार सिंह मरकाम | फग्गन सिंह कुलस्ते |
6.बालाघाट | भारती पारधी | अनुभा मुंजारे | ढाल सिंह बिसेन |
