MP की 9 सीटों पर 1 बजे तक 44.67 फीसदी वोटिंग, भिंड में वोट डालने जा रहे युवक को गोली मारी; मंत्री एंदल सिंह के गांव में मारपीट

भोपाल। लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में मध्यप्रदेश की 9 सीटों पर वोटिंग चल रही है। इनमें मुरैना, भिंड, ग्वालियर, गुना, राजगढ़, विदिशा, सागर, बैतूल और भोपाल सीट शामिल हैं। इन पर 127 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इन सीटों पर एक करोड़ 77 लाख 52 हजार 583 मतदाता हैं। सुबह 1 बजे तक 44.67 प्रतिशत वोटिंग हुई। सबसे ज्यादा राजगढ़ में 52.60 प्रतिशत वोटिंग हुई
भिंड में वोट डालने जा रहे युवक को घेरकर कुछ लोगों ने गोली मार दी। गोली उसके पेट में लगी है। मुरैना में कांग्रेस कैंडिडेट सत्यपाल सिकरवार ने पुलिस-प्रशासन पर वोटिंग डंप कराने के आरोप लगाए। मंत्री एंदल सिंह कंसाना के मुरैना गांव गाड़ी खेड़ा में लोगों ने मतदान का बहिष्कार कर दिया। राजगढ़ में पुलिस ने एक कांग्रेस नेता को नजरबंद भी किया है। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह का कहना है कि चाचौड़ा में एक बूथ पर 11 वोट डले और ईवीएम 50 बता रही थी।
भोपाल के एक दक्षिण-पश्चिम में एक बूथ पर लकी ड्रॉ निकाला जा रहा है। इसमें विजेता को डायमंड रिंग दी जा रही है।
विदिशा भाजपा प्रत्याशी शिवराज सिंह चौहान ने वोट डालने से पहले अपने गृह ग्राम जैत में पूजा की। इसके बाद परिवार समेत वोट डालने पहुंचे। गुना से भाजपा प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, पिछले दो चरणों को देखते हुए इस बार वोट पर्सेंटेज बढ़ाने का प्रयास है।
मुरैना, शिवपुरी, राजगढ़, बैतूल, रायसेन समेत कुछ जिलों से मतदान का बहिष्कार करने की भी सूचना है। यहां कुछ गांवों में सड़क और नहर नहीं होने की बात कहते हुए वोट डालने से मना कर दिया। अफसरों के समझाइश के बाद कुछ वोटर मान गए।
राजगढ़ में ही बूथ पर पीठासीन अधिकारी नशे में धुत होकर पहुंचा। कलेक्टर ने उसे निलंबित कर दिया है।
चुनाव आयोग ने 20 हजार 456 मतदान केंद्र बनाए हैं। इनमें 5,744 संवेदनशील मतदान केंद्र हैं। पोलिंग टीम में करीब 81 हजार कर्मचारी हैं।

भिंड में वोट डालने जा रहे युवक को गोली मारी
भिंड शहर के शिवपुरी का पुरा में एक युवक को घेरकर कुछ लोगों ने गोली मार दी। गोली युवक के पेट में लगी। गोली से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से ग्वालियर रेफर कर दिया गया। देहात थाना क्षेत्र के शिवहरे का पुरा में रहने वाले राघवेंद्र पुत्र महेंद्र खटीक (25) सुबह करीब 8 बजे अपने घर से वोट डालने जा रहा था, तभी कुछ लोगों ने गोली चला दी। गोली लगते ही राघवेंद्र गिर पड़ा। बताया गया कि हमलावरों का उससे पुराना विवाद था।
सागर के शमशाबाद के गांव में मतदान का बहिष्कार
सागर लोकसभा के शमशाबाद विधानसभा क्षेत्र में एक गांव में सिर्फ एक वोट डला। रायसेन जिले के नटेरन के ग्राम डाडोन में ग्रामीणों ने मतदान रोक दिया। ग्रामीणों ने यहां की समस्याओं को लेकर वोटिंग का किया बहिष्कार कर दिया। प्रशासन की टीम मौके पर समझाइश दे रही है।

भाजपा-कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला
तीसरे चरण में भी सीधा मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच है। दो पूर्व मुख्यमंत्री और एक केंद्रीय मंत्री मैदान में हैं। इनमें विदिशा लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान हैं। उनका मुकाबला कांग्रेस के प्रतापभानु शर्मा से है। वहीं, राजगढ़ लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह का मुकाबला भाजपा के मौजूद सांसद रोडमल नागर से है। गुना लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का मुकाबला कांग्रेस के यादवेंद्र सिंह से है।
चुनाव के अपडेट्स
मॉक पोल के बाद 164 वीवीपैट बदले: अनुपम राजन
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया कि मतदान शुरू होने के पहले मॉक पोल के दौरान 104 बैलेट यूनिट, 98 कंट्रोल यूनिट और 164 वीवीपैट बदले गए थे। मतदान शुरू होने के बाद 14 बैलेट यूनिट, 12 कंट्रोल यूनिट और 40 वीवीपैट मशीन बदली गई हैं ।
अशोकनगर में मतदान का बहिष्कार
अशोकनगर जिले के मुंगावली विधानसभा क्षेत्र के ढिमरौली गांव के लोगों ने मतदान का बहिष्कार कर दिया। लोगों ने काॅलोनी कटवाकर जगह दिलवाने की मांग की है। साथ ही, गांव के लिए सड़क की मांग की है। जानकारी के बाद कुछ प्रशासनिक अधिकारी गांव पहुंचे हैं।
मुंगावली में होमगार्ड को हार्ट अटैक आया
मुंगावली विधानसभा के टांडा गांव के पोलिंग क्रमांक 267 पर होमगार्ड जवान की तबीयत बिगड़ गई। उसे मुंगावली सिविल अस्पताल भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों का कहना है कि उसे हार्ट अटैक आया है। होमगार्ड जवान रूपेंद्र सिंह ठाकुर जबलपुर का रहने वाला है।