भिंड में अतिक्रमण हटाने पर बवाल, थाने के सामने डटे व्यापारी; सीएमओ बोले-मुझे 20-25 लोगों ने पीटा
भिंड। भिंड जिले की लहार में बुधवार को अतिक्रमण हटाने की बात पर बवाल हो गया। व्यापारियों ने बगैर नोटिस के लहार विधायक और नेता प्रतिपक्ष के दबाव में तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया। व्यापारियों ने देर रात तक थाने के सामने प्रदर्शन किया। वहीं, लहार नगरपालिका CMO महेश पुरोहित ने आरोप लगाया कि उन्हें 20 से 25 लोगों ने पीटा है। घटना के बाद सीएमओ और एसडीएम को हटा दिया गया।
व्यापारी सुबह 11 बजे से बाजार बंद कर थाने के सामने धरने पर बैठ गए। 9 घंटे बाद भी वे वहीं पर डटे हुए हैं। उनकी मांग है कि सीएमओ को निलंबित किया जाए और उनपर केस दर्ज किया जाए। उधर, सीएमओ ने व्यापारी पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान मारपीट का आरोप लगाया था।
व्यापारी बोले- सीएमओ कहते हैं…विधायक की शरण में जाओ
पीड़ित व्यापारी मोहन झा ने बताया कि मकान पर कोर्ट ने स्टे दिया है। बावजूद प्रशासन ने हमारा घर तोड़ दिया। कार्रवाई स्थानीय विधायक गोविंद सिंह के दबाव में की गई। उन्होंने नगर पालिका सीएमओ पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे पहले भी कई बार हम पर दबाव बना चुके हैं। सीएमओ कहते हैं कि अगर मकान बचाना है, तो विधायक जी की शरण में चले जाओ।
आज मेरा मकान तोड़ दिया गया। इधर, सीएमओ पुरोहित का कहना है कि एसडीएम आरए प्रजापति से लिखित आदेश मिला था। इसके बाद एसडीओपी अवनीश बंसल, तहसीलदार अमित दुबे, थाना प्रभारी वरुण तिवारी सहित तमाम प्रशासनिक व पुलिस बल के साथ अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
सीएमओ बोले- मुझे लोहे के सरियों से मारा गया
सीएमओ महेश पुरोहित का कहना है कि मैं अमले के साथ अतिक्रमण हटाने गया था, तो मकान मालिक ने साथियों के साथ मिलकर मुझे पीटा। मेरे दोनों पैर में चोटें आई हैं। मुझे सरियों से मारा गया है। वहीं, लहार तहसीलदार अमित दुबे भी मामले में बोलने से कतराते रहे। उनसे जब पूछा गया कि क्या उनके साथ मारपीट हुई है, तो उन्होंने इनकार कर दिया।
नेता प्रतिपक्ष बोले- भाजपा नेता ने प्रशासनिक अमले से की मारपीट
स्थानीय विधायक एवं नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने बताया कि लहार में बीच बाजार में भाजपा नेता द्वारा दुकान बनाकर कब्जा किया गया था। पुलिस-प्रशासन के साथ नगर पालिका का अमला पहुंचा तो भाजपा नेता अम्बरीश शर्मा (गुड्डू) लाठी और बंदूक लेकर आ गए। मोहन झा ने भी कब्जा किया था। दोनों ने सीएमओ पर हमला कर दिया। उन्होंने तहसीलदार की गाड़ी भी तोड़ दी। एक तरफ सीएम शिवराज सिंह चौहान प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाने की बात करते हैं। अम्बरीश को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा का संरक्षण है। कोई भी सीएमओ की FIR दर्ज नहीं करेगा क्योंकि उन्हें डर है कि कल उन्हें हटा दिया जाएगा। अम्बरीश शर्मा पर पहले से कई मामले दर्ज हैं।
भाजपा नेता ने आरोपों को बताया निराधार
भाजपा नेता अम्बरीश शर्मा ने सभी आरोपों को झूठा बताया है। भाजपा नेता कहा कि विधायक डॉ. गोविंद सिंह की गुंडागर्दी चरम सीमा पर है। विधायक की तानाशाही जनता वर्षों से देख रही है। शासन ने मुझे बंदूक दी है। बंदूक मेरे पास आत्मरक्षा के लिए हमेशा रहती है। सुबह भी मैं अपने घर जा रहा था, रास्ते में भीड़ देखी तो रुक गया। देखा तो वहां मकान तोड़े जा रहे थे। मैंने मना भी किया, लेकिन नहीं सुनी। लोगों के साथ अत्याचार हो रहा था, इसलिए मैं रुक गया।