इंदौर में कॉलेज छात्रा की खुदकुशी के बाद बवाल, लोगों ने किया चक्काजाम
इंदौर। इंदौर में कॉलेज छात्रा की खुदकुशी के बाद बवाल हो गया। परिवार का आरोप है कि मुस्लिम युवक लड़की पर धर्म परिवर्तन और शादी का दबाव बना रहा था। घटना से गुस्साए बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने बुधवार सुबह ग्रामीणों के साथ चक्काजाम कर दिया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मामला खुड़ैल इलाके के काजी पलासिया का है। 18 साल की युवती फर्स्ट ईयर की स्टूडेंट थी। पिता प्राइवेट कंपनी में जॉब करते हैं। परिजनों ने असद हुसैन नाम के शख्स पर लड़की को परेशान करने और सुसाइड के लिए उकसाने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करने की मांग भी की। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद आरोपी असद के खिलाफ धाराएं बढ़ाई जा सकती हैं।
शादी के लिए बना रहा था दबाव
बजरंग दल के तनु शर्मा और विनोद जामलिया ने आरोप लगाया कि आरोपी कई दिनों से युवती पर शादी को लेकर दबाव बना रहा था। धर्म परिवर्तन को लेकर भी दबाव बनाए जाने की बात सामने आई है। पुलिस जांच कर रही है। इलाके में फोर्स भी तैनात किया गया है।
गुस्साए लोगों ने किया चक्काजाम
कार्यकर्ताओं ने बताया कि मंगलवार रात 11 बजे छात्रा की तबीयत बिगड़ी थी। परिवार ने पूछताछ की, तो उसने जहर खाने की बात बताई। रात में ही परिजन उसे बॉम्बे अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां देर रात मौत हो गई। सुबह परिवार के लोगों ने जामलिया पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद थाने पहुंचे। ग्रामीणों ने यहां शुरुआत में असद पर कार्रवाई नहीं होने के चलते सड़क पर शव रखकर चक्काजाम करने की कोशिश की। फिर पुलिस अफसरों ने समझाइश देते हए मामले को शांत करा लिया।