शादी के दिन पुलिस कस्टडी में दूल्हे की मौत के बाद हंगामा, गुना में दुल्हन ने खुद पर पेट्रोल डाला, चाची ने खुद को आग लगाई

गुना। गुना पुलिस की कस्टडी में पारदी युवक की मौत के बाद हंगामा हो गया। रविवार को युवक की बारात जानी थी। पुलिस ने युवक और उसके चाचा को किसी डकैती के केस में पूछताछ के लिए पकड़ा था।
रविवार देर रात समाज के लोग जिला अस्पताल में इकट्ठा हो गए। यहां युवक की होने वाली दुल्हन ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह की कोशिश की। चाची ने पेट्रोल डालकर आग लगा ली। उसे बचाने में एसडीओपी भी झुलस गए। मामला जिले के बीलाखेड़ी का है।
जिला अस्पताल में तीन एडीएम, तहसीलदारों समेत 8 थानों का पुलिस फोर्स, राजस्व विभाग अमला तैनात किया गया है। शव को पीएम के बाद बीलाखेड़ी ले जाया जाएगा। वहीं, अंतिम संस्कार होगा।
Uproar after groom’s death in police custody on wedding day in Guna

बारातियों के ट्रैक्टर से थाने ले गई पुलिस
बीलाखेड़ी के रहने वाले देवा पारदी की बारात गांव से गोकुल सिंह चक्क पर रविवार को आने वाली थी। इससे पहले शाम 4.30 बजे पुलिस गांव में पहुंची। जिस ट्रैक्टर पर बारात जाना थी, उसी पर देवा और उसके चाचा गंगाराम को पुलिस ले गई।
देवा की चाची और गंगाराम पारदी की पत्नी सूरजबाई के मुताबिक हम भी पीछे-पीछे झागर चौकी पहुंचे। पुलिस ने कहा कि एक गाड़ी की बरामदगी करनी है, इसलिए लेकर आए हैं। देर रात जिला अस्पताल से सूचना मिली कि एक पारदी युवक को पोस्टमॉर्टम रूम में लाया गया है। यहां पता चला कि पुलिस कस्टडी में देवा की मौत हो गई है।
Uproar after groom’s death in police custody on wedding day in Guna
मिनी ट्रक से जिला अस्पताल पहुंची महिलाएं
इसके बाद रात करीब 12 बजे मिनी ट्रक से देवा पारदी की दुल्हन, चाची और अन्य महिलाएं अस्पताल पहुंच गईं। दुल्हन ने खुद पर पेट्रोल डाल लिया। वह आत्मदाह की कोशिश करने लगी। इससे पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया। थोड़ी देर बाद चाची सूरज बाई ने अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। वह झुलस गई। आग बुझाने में एसडीओपी युवराज सिंह के हाथ की अंगुलियां झुलस गईं। महिलाओं की कई बार पुलिस से धक्कामुक्की भी हुई।
Uproar after groom’s death in police custody on wedding day in Guna
मौत से पहले की आखिरी सेल्फी…
घर में शादी की रस्में चल रही थीं। देवा के हाथ में मेहंदी लग चुकी थी। बारात ले जाने से पहले उसने शेरवानी पहनकर यह आखिरी फोटो क्लिक की। उधर, दुल्हन भी तैयार हो चुकी थी। बारात आने का इंतजार चल रहा था। देर रात देवा की मौत की खबर मिली।

पारदी गिरोह ने पुलिस टीम पर किया था हमला
मामला 13 जुलाई की शाम 5 बजे से शुरू हुआ। धरनावदा थाने से महज 8 किमी दूर पारदी गिरोह ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया था। 10 पुलिसकर्मी घायल हुए थे। इस मामले में रात 1.30 बजे केस भी दर्ज किया गया।
इसके मुताबिक भोपाल और राजगढ़ पुलिस अपने जिले में हुई चोरी के आरोपियों की तलाश में झागर चौकी आई थी। सहायता के लिए रूठियाई चौकी और धरनावदा थाने का पुलिस बल भी पहुंचा। सभी ने मिलकर गांव में दबिश दी। इस दौरान पारदियों ने पुलिस टीम पर हमला किया। गोलियां चलाईं और पत्थर फेंके।
सीने में दर्द उठने के बाद मौत
एडिशनल एसपी मान सिंह ठाकुर ने बताया कि म्याना इलाके के भिड़रा गांव में चोरी के संबंध में पूछताछ के लिए देवा पारदी और गंगाराम पारदी को हिरासत में लिया था। रविवार शाम दोनों को सामान की रिकवरी के लिए ले जा रहे थे। इसी दौरान देवा के सीने में दर्द उठा। उसे तत्काल म्याना के अस्पताल ले जाया गया। वहां से जिला अस्पताल लाया गया। यहां करीब 45 मिनट तक इलाज चला। सीपीआर भी दिया गया, लेकिन बचा नहीं जा सके।
Uproar after groom’s death in police custody on wedding day in Guna