उज्जैन रेप कांड: आरोपी के पिता बोले- लोगों को क्या मुंह दिखाऊंगा, उसे गोली मार देनी चाहिए
उज्जैन। ‘बच्ची के साथ बहुत गलत हुआ। दोषी को सख्त सजा मिलनी चाहिए। ऐसे अपराधियों को मौत की सजा नहीं तो और क्या सजा देंगे? अगर मेरे बेटे ने अपराध किया है, तो उसे मौत की सजा मिलनी चाहिए। पुलिस ने उसे क्यों पकड़ा, उसे गोली मार देनी चाहिए थी।’
उज्जैन में 15 साल की लड़की से रेप के आरोपी भरत सोनी के पिता राजू सोनी ये कहते हुए फफक पड़ते हैं। रोते हुए वे कहते हैं कि ‘ लोगों को मैं क्या मुंह दिखाऊ ..? कौन पूछेगा..? मैंने ऐसा सोचा नहीं था कि मेरा बच्चा ऐसा निकल जाएगा।’
आरोपी को 7 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा
आरोपी भरत सोनी को शुक्रवार को जिला न्यायालय में पेश किया गया। यहां से कोर्ट ने उसे 7 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। हालांकि, आरोपी के घायल होने के चलते उसे डॉक्टर ने इंदौर रेफर किया है।
दरअसल, आरोपी भरत सोनी ने गुरुवार को घटनास्थल से भागने की कोशिश की थी। भागते वक्त गिरने से वो जख्मी हो गया था।
पढ़िए, क्या कहा आरोपी के पिता ने

लोगों को मैं क्या मुंह दिखाऊं। कौन पूछेगा। मैं सुबह रिक्शा चला रहा था। शाम को 4 बजे आया, तभी पता चला कि उसे दुकान से ले गए हैं। मैंने पूछा कि क्यों ले गए, तो बताया कि लड़की से रेप हुआ है, उसी सिलसिले में पूछताछ के लिए ले गए। मेरा तो दिमाग ही खराब हो गया। क्या बताऊं मैं। मैं सपने में भी नहीं सोच सकता कि मेरा बच्चा ऐसा होगा। मैंने तो उसे अच्छा खिलाया, पिलाया अच्छे से रखा। बाकी मुझे बिल्कुल भी शक नहीं था कि वह ऐसा निकलेगा। अगर मुझे पता होता, तो मैं खुद पुलिस को बता देता। 20 साल से मैं यहां रह रहा हूं। पुलिसवाले भी मुझे जानते हैं। 6 महीने से ऑटो चलाता है। लड़की देख ली थी। बातचीत पक्की हो गई थी। बेटा शांत होने के बाद में शादी रोक दी थी। छोटे भाई का ऑटो है।
बच्ची के साथ बहुत ज्यादा गलत हुआ है। इसको तो सजा मिलनी चाहिए। मौत के सिवा और क्या सजा दे सकते हैं। अपराध किया है, तो मौत की सजा होनी चाहिए। मौत की सजा देंगे, तभी ऐसे लोगों को सबक मिलेगा। अपराध तो होते ही रहेंगे। मैं तो उसे मार देता उसे या फिर पुलिस को सौंप देता। भाग गया था। पहले लड़ाई की है इसने। उस दिन में 3 बजे उठा था। उस वक्त घर में था। लाइसेंस नहीं था। पुलिस के डर के कारण रात को गाड़ी चलाता था। इसे मार देना चाहिए। क्याें पकड़ा उसे। केस चलना। अगर किया है, तो सजा मिलना चाहिए।

आरोपी तक ऐसे पहुंची पुलिस…
एसपी सचिन शर्मा ने बताया कि पुलिस ने 100 से भी ज्यादा निगरानीशुदा बदमाशों से पूछताछ की। रिक्शा चालकों, बस ऑपरेटरर्स के साथ ही रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर कई लोगों से भी पूछताछ की गई। उज्जैन पहुंचने के बाद पीड़ित करीब 6 लोगों के संपर्क में आई। जिसमें चार ऑटो वाले और दो अन्य लोग थे। जो सीसीटीवी में कैद हुए थे।
पुलिस ने करीब 700 से अधिक सीसीटीवी खंगाले। फुटेज में अलग-अलग लोकेशन पर पीड़ित बच्ची दिखाई दी। रेलवे स्टेशन के बाहर पूछताछ में पता चला कि लड़की को भरत सोनी लेकर गया था, लेकिन उसने जुर्म कबूलने से मना कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी भरत सोनी की लोकेशन ट्रेस करवाई तो सुबह 5 से 5.15 बजे के बीच उसकी लोकेशन जीवन खेड़ी के आसपास मिली।
28 सितंबर को मुखबिर ने सूचना दी कि लड़की को आरोपी भरत सोनी अर्जुन लिखे ऑटो में अपने साथ ले गया था, SIT सदस्यों ने आरोपी को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।