महाकाल मंदिर के पास दीवार गिरने से दो लोगों की मौत, चार घायल; तेज बारिश के बीच हादसा

उज्जैन। उज्जैन में शुक्रवार रात तेज बारिश के बीच महाकाल मंदिर के चार नंबर गेट के पास दीवार गिर गई। मलबे में दबने से दो लोगों की मौत हो गई, चार लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस बल और रेस्क्यू टीम पहुंची। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। गंभीर रूप से एक घायल को इंदौर रेफर किया गया है।
हादसे में फरीन (22) पति आजाद राठौर निवासी जयसिंहपुरा और अजय (27) पिता ओमनाथ योगी निवासी शिवशक्ति नगर की मौत हो गई।
शारदा बाई (40) पति सोहन लाल, रूही (3) पिता आजाद राठौर निवासी जयसिंहपुरा। दोनों को इंदौर किया गया है।
बताया जा रहा है कि महाकाल फेज 2 का काम चल रहा है। महाराजवाड़ा स्कूल को रिनोवेट किया जा रहा है। यहां शुक्रवार सुबह से बादल छाए थे। दोपहर बाद तेज पानी गिरा। रात में जिस समय ये हादसा हुआ, उस समय भी तेज बारिश हो रही थी।
रहवासी बोले- दीवार बने हुए एक साल भी नहीं हुआ
रहवासी ने बताया कि मेरा मकान इस दीवार से लगा हुआ है। दीवार को बने हुए एक साल भी नहीं हुआ है। तब नगर निगम आयुक्त से कहा भी था कि दीवार चार फीट ऊपर उठा दो, लेकिन ध्यान नहीं दिया गया। यहां काली मिट्टी है। यहां से पानी निकासी की सही व्यवस्था नहीं थी। पानी भरने के कारण दीवार कच्ची हो गई।
Two People Died Due To Wall Collapse Near Mahakal Temple In Ujjain

उज्जैन कलेक्टर ने कहा- एसडीएम करेंगे जांच
मौके पर कलेक्टर नीरज सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी पहुंच गए हैं। रेस्क्यू टीम राहत और बचाव कार्य में जुटी है। कलेक्टर ने बताया कि महाराजवाड़ा स्कूल के पास रिटेनिंग वॉल भारी बारिश से ढह गई। वहां नीचे फूल बेचने वाले चार लोग मलबे में दब गए थे। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें एक महिला और एक पुरुष की मौत हो गई। दो लोगों को इंदौर रेफर किया गया है।
इस रिटेनिंग वॉल के पास एक और स्ट्रक्चर है। इस पर सुप्रीम कोर्ट का स्टे लगा है। भारी बारिश के बाद पानी को निकलने का रास्ता नहीं मिला। इसके कारण दीवार ढह गई। एसडीएम पूरे मामले की जांच करेंगे।
महाकाल मंदिर के पुजारी पंडित आशीष शर्मा ने बताया कि तेज बारिश के कारण दीवार ढह गई। चरक अस्पताल में व्यवस्थाएं बना रहे हैं। ये प्राकृतिक आपदा है। पुलिस और प्रशासन भी मौके पर है।
Two People Died Due To Wall Collapse Near Mahakal Temple In Ujjain

प्रत्यक्षदर्शी बोला- दौड़कर पहुंचा तो मलबे में दबे थे लोग
प्रत्यक्षदर्शी अमन कहार ने बताया कि मैं यहां बड़े गणेश की गली में खड़ा था। अचानक तेज आवाज आई। मैं दौड़कर वहां पहुंचा तो देखा कि वहां मलबे में कुछ दुकानदार दबे थे। हमने उन्हें निकाला।
हादसे में एक छोटी बच्ची भी घायल हो गई। उसके पैर में चोट लगी है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां इलाज किया जा रहा है।
Two People Died Due To Wall Collapse Near Mahakal Temple In Ujjain