जबलपुर में दो घंटे में दो मर्डर, घर में मिला महिला का शव; युवक की चाकू मारकर हत्या

जबलपुर। जबलपुर में मंगलवार शाम दो घंटे में दो मर्डर हो गए। पनागर में घर में महिला की लाश मिली। वहीं, घमापुर में मामूली बात पर कुछ लड़कों ने मिलकर युवक की चाकू मार हत्या कर दी।
पनागर थाना के गुरुनानक वार्ड में रहने वाली अलका (40) सिलाई का काम करती थी। छह साल पहले पति की मौत हो चुकी है। इसके बाद से वह घर पर अकेले रहती थी। मंगलवार रात घर पर उसकी लाश मिली। सूचना पर पनागर थाना प्रभारी अमर बहादुर सिंह मौके पर पहुंचे। महिला के सिर पर चोट के निशान थे। गले में भी इनर बंधा था।
मामूली बात पर मारा चाकू
घमापुर थाना के मरघटाई में रहने वाला जय वंशकार (29) मजदूरी करता था। मंगलवार रात 9 बजे जय अपने घर के बाहर घूम रहा था। इसी दौरान पड़ोसी आकाश कुशवाहा से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान आकाश के दोस्त भी आ गए। सभी ने जय पर चाकू से वार कर दिया। गंभीर हालत में जय को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टराें ने मृत घोषित कर दिया।
एसपी एपी सिंह का कहना है दोनों ही मामलों में केस दर्ज कर लिया गया है। घुमापुर केस में आरोपी नामजद हैं, जिन्हें पकड़ लिया जाएगा। वहीं, पनागर मामले की जांच की जा रही है।