Sunday, July 27, 2025
MP

सतना में दो नाबालिग लड़कियां किडनैप, वीडियो कॉल कर कहा- बोरे में बंद कर प्रयागराज लाए अंकल, यहां कमरे में बंद रखा

सतना। सतना में एक ही मोहल्ले की दो नाबालिग लड़कियां किडनैप हो गईं। एक की उम्र 16 साल, तो दूसरी की उम्र 6 साल की है। शनिवार शाम 16 साल की ने परिजन को वीडियो कॉल किया। उसने बताया- एक अंकल ने चाकू दिखाया और बोरे में बंद कर लिया। वह ट्रेन से प्रयागराज लाए हैं। यहां किसी होटल के कमरे में बंद रखा है। परिजनों ने थाने में शिकायत की है। पुलिस ने केस दर्ज कर बच्चियों की तलाश शुरू कर दी है।

घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम सोहावल की है। 16 साल की लड़की सुबह करीब 10.30 बजे अर्धवार्षिक एग्जाम देने गई थी। देर शाम तक जब नहीं लौटी, तो परिजन स्कूल गए। पता चला कि वह स्कूल पहुंची ही नहीं। सहेलियों से पूछने पर भी कुछ पता नहीं चला। इसके बाद आस-पड़ोस में तलाश किया। मालूम पड़ा कि इलाके से 6 साल की बच्ची भी लापता है। शाम करीब 6 बजे वीडियो कॉल आने के बाद थाने में शिकायत की गई।

परिजन बोले- उनके साथ और भी लड़कियां

छात्रा के परिजन ने बताया कि ‘बेटी ने हमें कई कॉल किए। वीडियो कॉल भी किया। उसे और बच्ची को किसी होटल के कमरे में बंद करके रखा है। एक उम्रदराज व्यक्ति ने चाकू की नोंक पर दोनों काे किडनैप किया है। उनके साथ और भी लड़कियां हैं। बेटी ने यह भी बताया कि आरोपी ने उनके साथ मौजूद लड़की को चाकू भी मारा है।’

पुलिस टीम प्रयागराज रवाना

सिविल लाइन टीआई योगेंद्र सिंह ने बताया कि लड़कियों की तलाश के लिए टीम उत्तर प्रदेश के प्रयागराज गई है। साइबर सेल की भी मदद ली जा रही है। छात्रा ने जिस फोन से कॉल किया था, उसकी लोकेशन प्रयागराज की मिली है। छात्रा की रिश्तेदारी उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *