चड्डी-बनियान गिरोह के दो सदस्य गुजरात से पकड़ाए, इंदौर के चंदन नगर में की थी डकैती
इंदौर। चड्डी-बनियान गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने गुजरात से पकड़ा है। पुलिस उन्हें इंदौर लेकर आई है। गिरोह ने चंदन नगर में डकैती डाली थी। दो दर्जन से ज्यादा फुटेज के बाद पुलिस पीछा करते हुए पुलिस बदमाशों तक पहुंची है।
पुलिस के अनुसार गिरोह ने डकैती से पहले अपनी गाड़ी बेटमा टोल के आगे खड़ी की थी। यहां से वे खेतों के रास्ते घुसे और कॉलोनियों में पहुंच गए। यहां एक बाद एक सीरियल वारदातें कर भाग गए थे। पुलिस सीसीटीवी को लिंक करते हुए बदमाशों को पकड़ने गुजरात पहुंच गई। यहां से पुलिस ने दो बदमाशों को हिरासत में लिया है। चंदन नगर पुलिस आरोपियों को लेकर सोमवार सुबह इंदौर पहुंची। गिरोह ने धार रोड के तलावली चांदा के प्रेरणा सदन और हाइलिंक सिटी में 12 जुलाई की रात डकैती डाली थी।
दाहोद में है बसाहट
पुलिस अफसर अभी इस मामले में कुछ भी कहने से बच रहे हैं। बताया जाता है कि बदमाश दाहोद के डेरे के रहने वाले हैं। रात में बदमाश यहां से बोलरो गाड़ी से पहुंचे। जिसे बेटमा टोल के आगे गुजरात वाले मुहाने पर लगाकर खेतों के रास्ते यहां तक पहुंचे थे। आरोपियों के कुछ साथी गोधरा के रहने वाले हैं। पुलिस बाकी के आरोपियों की अभी तलाश कर रही है।