MP में डबल मर्डर, जमीन विवाद में भतीजे ने बर्थडे पार्टी में गोली मारी, मां गंभीर
पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना में डबल मर्डर हो गया। यहां एक युवक ने जमीन विवाद में अपने ही दो चाचा की गोली मार हत्या कर दी। वहीं, दादी गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात पन्ना जिले के देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र में गोल्ही मुड़िया गांव की है।
गांव में तीन भाई- चरण सिंह, महेंद्र सिंह और नरेंद्र सिंह के परिवार रहते हैं। शनिवार को सबसे छोटे भाई नरेंद्र के बेटे का बर्थडे था। इसी की पार्टी चल रही थी। नरेंद्र और महेंद्र का परिवार पार्टी में बिजी था। केक काटने के बाद सबसे बड़े भाई चरण का बेटा शुभम सिंह वहां पहुंचा। यहां जमीन बंटवारे को लेकर वह चाचाओं से विवाद करने लगे। इसी बीच, उसने देसी पिस्टल निकालकर गोली चला दी। चरण भी मौके पर पहुंच गया और गाली-गलौज करने लगा।
दोनों भाइयों ने मौके पर ही दम तोड़ा
7 राउंड की फायरिंग में 5 गोलियां महेंद्र, नरेंद्र और मां प्रथाबाई को लगीं। दोनों भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर देवेंद्र नगर थाना पुलिस पहुंची। मां को जिला अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने रविवार सुबह पन्ना जिला अस्पताल से दोनों भाइयों के शवों का पोस्टमॉर्टम करवाया।
एक आरोपी गिरफ्तार
पन्ना एडिशनल एसपी आरती सिंह ने बताया कि चरण सिंह और उसके बेटे शुभम सिंह के खिलाफ नामजद केस दर्ज किया गया है। शुभम को गिरफ्तार कर लिया गया है। चरण की तलाश की जा रही है। फिलहाल, गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।
बच्चे का जन्मदिन मनाने गांव आया था नरेंद्र
मृतकों के चाचा देवेंद्र सिंह ने बताया कि नरेंद्र (37) देवेंद्र नगर में सेल्समैन का काम करता था। वह बच्चे का जन्मदिन मनाने गांव गोल्ही मुड़िया आया था। केक काटने के बाद प्रसाद बांटा जा रहा था। नरेंद्र अपने भाई महेंद्र उर्फ बबलू (40) के साथ घर के दरवाजे पर बैठा था, तभी शुभम ने आकर फायरिंग शुरू कर दी।