जबलपुर में बाइक सवार दो भाइयों को ट्रैक्टर ने रौंदा, मौत; स्कूल से घर जाते समय हादसा

जबलपुर। जबलपुर में बाइक सवार दो छात्रों को गिट्टी से भरे ट्रैक्टर ने रौंद दिया। दोनों की मौके पर मौत हो गई। दोनों घर जाने के लिए सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर की चपेट में आ गए। हादसा शुक्रवार दोपहर तिलवारा थाना क्षेत्र के रमनगरा मोड़ के पास हुआ।
लोगाें ने ट्रैक्टर चालक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। मृतक विदित वैदेही (17) और शिवांश वैदेही (17) हैं। दोनों आपस में चचेरे भाई थे। गांव में शिवांश और विदित के घर करीब ही रहते हैं। दोनाें ही 11वीं के छात्र थे। शिवांश तिलवारा स्थित नगर निगम के सरकारी स्कूल, जबकि विदित प्राइवेट सेंट अगस्टीन स्कूल में पढ़ता था।
दोपहर करीब 1 बजे विदित के स्कूल की छुट्टी हो गई। घर आकर उसने पिता की बाइक लेकर चला गया। उसने काम से थोड़ी देर में आने की बात कही।

बाइक समेत 50 मीटर घिसटते चले गए
विदित बाइक से शिवांश के स्कूल पहुंचा। यहां से दोनों अन्य दोस्त के साथ बाइक से घर की ओर निकले। जैसे ही, तिलवारा पुल के पास रमनगरा मोड़ पर पहुंचे, तभी सामने से आ रहे ट्रैक्ट्रर की चपेट में आ गए। बाइक समेत दोनों करीब 50 मीटर तक घिसटते चले गए। आसपास के लोगों ने दोनों को निकाला, तब तक मौत हो चुकी थी।
तीसरे घायल छात्र अर्पित पाराशर को मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दोनों ही इकलौती संतान थे
लोगों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। शिवांश और विदित दोनों माता-पिता की इकलौती संतान थी। शिवांश की दो बड़ी बहन हैं, जबकि विदित की छोटी बहन है।