सागर में ट्रिपल मर्डर, घर में मां-दो बेटियों के खून से लथपथ शव मिले; पति-देवर से पूछताछ
सागर। सागर में मंगलवार देर रात मां और उसकी दो बेटियों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। उनके खून से लथपथ मकान में मिले हैं। वारदात का पता तब चला, जब पति घर पहुंचा। घटनास्थल से महज 200 मीटर दूर पुलिस कंट्रोल रूम है।
नेपाल पैलेस के रहने वाले विशेष पटेल जिला अस्पताल में कम्प्यूटर ऑपरेटर हैं। रात करीब पाैने 11 बजे विशेष ने ससुरालवालों काे फोन किया। बताया- पत्नी वंदना (32), बड़ी बेटी अवंति (8) और छोटी बेटी अन्विका (3) की किसी ने हत्या कर दी है।
विशेष पटेल ने पुलिस को बताया कि रात को घर पहुंचा, तो घर के दरवाजे खुले थे। अंदर चारों तरफ खून फैला था। पत्नी और बड़ी बेटी की लाश किचन में पड़ी थी। छोटी बेटी का शव बेडरूम में पड़ा था। तीनों के सिर से खून बह रहा था। जांच में पता चला कि हमलावर ने उनके सिर दीवार में मारे हैं। धारदार हथियार और पेंचकश से वार किए हैं।
Triple murder in Sagar

भाई का कॉल रिसीव नहीं हुआ
पाटन गांव से आए वंदना के भाई चिराग पटेल ने बताया कि पिता ने वंदना काे दोपहर 2 बजे कॉल किया था, लेकिन रिसीव नहीं हुआ। रात में जीजा का कॉल आया, तब घटना का पता चला।
मकान में रहने रहने वाले किराएदारों ने बताया कि किसी के चीखने-चिल्लाने की आवाज नहीं आई। जब पुलिस आई, तब हत्या के बारे में पता चला। बताया जा रहा है कि वारदात के समय वह जिला अस्पताल में था। विशेष की मां भी उनके साथ रहती है, लेकिन वह इलाज कराने भोपाल गई हैं।
Triple murder in Sagar
पति और देवर से देर रात तक पूछताछ
विशेष का छोटा भाई प्रवेश दमोह में रहता है। पिता पीडब्ल्यूडी में थे। रिटायरमेंट के बाद बड़ी रकम मिली थी। इसे लेकर दोनों भाइयों के बीच अनबन है। विशेष पर कर्ज होने की बात भी सामने आ रही है। पुलिस विशेष और प्रवेश से अलग-अलग पूछताछ कर रही है। पुलिस को दोनों पर संदेह है। पारिवारिक लेनदेन का विवाद भी सामने आ रहा है।
तीन मंजिला मकान के ग्राउंड फ्लोर पर परिवार और बाकी ऊपर की दो मंजिल पर किराएदार रहते हैं। रात 1 बजे तक आईजी प्रमोद वर्मा, डीआईजी सुनील कुमार, प्रभारी एसपी डॉ. संजीव उईके ने जांच की। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

गिरफ्तारी और मकान ढहाने की मांग
वंदना के परिजन एसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और मकान तोड़ने की मांग की। प्रभारी एसपी संजीव उईके की समझाइश के बाद परिवार के लोग माने और अंतिम संस्कार के लिए रवाना हुए।
Triple murder in Sagar