Sunday, June 8, 2025
MP

सिंचाई विभाग का अफसर हनीट्रैप में फंसा, 10 लाख भी हड़पे; ब्लैकमेलिंग की FIR कराई तो नाबालिग ने कराया दुष्कर्म का केस

ग्वालियर। सिंचाई विभाग के SDO (सब डिविजन ऑफिसर) ने तीन लोगों के खिलाफ हनीट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेलिंग का केस दर्ज कराया है। अफसर से महिला ने दोस्ती कर अश्लील फोटो खींच लिए। होटल में बुलाकर 10 लाख रुपए हड़प लिए। इसके दो घंटे बाद ही 17 साल की लड़की ने एसडीओ के खिलाफ नौकरी के नाम पर दुष्कर्म का केस दर्ज करा दिया। मामला ग्वालियर का है।

मुरैना जिले के सबलगढ़ के रहने वाले श्रीधर लाल अटेरिया (60) श्योपुर में सिंचाई विभाग में SDO हैं। उन्होंने ग्वालियर के पड़ाव थाने में मंगलवार रात शिकायत की।

एसडीओ ने बताया कि करीब तीन महीने पहले उन्हें अंजान नंबर से कॉल आया। कॉलर कोई महिला थी। थोड़ी देर बात के बाद फोन कट हो गया। इसके बाद लगातार फोन आने लगे। महिला ने अपना नाम सुमन वर्मा बताया। दोनों के बीच दोस्ती हो गई। पहले साधारण बातें होती थीं। इसके बाद वह अश्लील बातें करने लगी। वह वॉट्सऐप कॉल भी करती थी। इसी दौरान, उनके कुछ फोटो ले लिए। इसके बाद वह ब्लैकमेल करने लगी। बदनामी के डर से वह उसे पैसे देने लगे। 6 जुलाई को महिला ने उसे कॉल कर रुपए मांगे।

सुमन ने मिलने के लिए ग्वालियर बुलाया। SDO ग्वालियर पहुंचकर पड़ाव थाना क्षेत्र के होटल रॉयल विलास में ठहरे। यहां सुमन अपने साथ किसी अभिदेव नाम के युवक और नाबालिग लड़की को लेकर आई। यहां उसने 10 लाख रुपए मांगे। एसडीओ ने पांच लाख रुपए दिए, लेकिन वह 10 लाख पर अड़े थे। रुपए नहीं देने पर रेप का केस दर्ज कराने की धमकी दी। इस पर एसडीओ ने चार लाख रुपए और मंगवा कर दिए। महिला ने लिखकर भी दिया था कि वह उसके खिलाफ मामला दर्ज नहीं कराएगी।

इसके बाद SDO अटेरिया चले गए। दूसरे दिन सुमन वर्मा ने फिर कॉल कर रुपए मांगे। एसडीओ समझ गया कि ये लोग लगातार ब्लैकमेल करते रहेंगे। इसके बाद मंगलवार रात एसडीओ पड़ाव थाना पहुंचे। यहां  फोटो, वीडियो, चैटिंग भी पुलिस को उपलब्ध कराए। शिकायत पर पुलिस सुमन, अभिदेव और नाबालिग लड़की के खिलाफ केस दर्ज किया।

दो घंटे बाद SDO पर कराई रेप की FIR
इसके दो घंटे बाद राजस्थान के हनुमान गढ़ की रहने वाली 17 साल की लड़की रात 2 बजे पड़ाव थाने पहुंची। यहां उसने SDO श्रीधर लाल अटेरिया के खिलाफ नौकरी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप लगाया। नाबालिग ने शिकायत की है कि उसकी मामी और SDO एक-दूसरे को जानते थे। एसडीओ ने कहा था कि 20 हजार रुपए में वह नौकरी लगवा देगा।

6 जुलाई को एसडीओ ने होटल रॉयल्स विलास में मिलने बुलाया। रूम नंबर 102 में नाबालिग, उसकी मामी और मामा ठहरे थे, जबकि 104 नंबर रूम में SDO रुका था। रात 11.30 बजे जब उसके मामा-मामी खाना लेने गए थे, तो SDO ने लड़की को बुलाया। यहां धमका कर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने बुधवार सुबह SDO के खिलाफ रेप की FIR दर्ज कर ली है।

जांच में तथ्यों के आधार पर होगी कार्रवाई 
पड़ाव थाने के टीआई प्रशांत सिंह यादव ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। दोनों ही केस की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *