राजगढ़ में बारातियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 13 लोगों की मौत, राजस्थान के रहने वाले थे

राजगढ़। मध्यप्रदेश के राजगढ़ में बारातियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में कलेक्टर हर्ष दीक्षित ने 13 लोगों की मौत की पुष्टि की है। वहीं, 15 लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मरने वाले सभी लोग राजस्थान के झालावाड़ जिले के रहने वाले थे। हादसे में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी दुख जताया है।
हादसा रविवार रात करीब 9 बजे राजगढ़ जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर पीपलोदी के पास हुआ। बताया जा रहा है कि राजस्थान से ट्रैक्टर-ट्रॉली में एक बारात राजगढ़ के किसी गांव में आ रही थी। इसी दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली बेकाबू होकर पलट गई।
Tractor-trolley filled with wedding procession overturned in Rajgarh
हादसे के बाद चीख पुकार मच गई। जानकारी मिलते ही आसपास के लोग पहुंचे। ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को निकाला। प्रशासन को भी सूचना दी। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के साथ एंबुलेंस भी आ गई। जिसकी मदद से घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया।

बाराती ममता बोली- ड्राइवर नशे में था
बारात में शामिल ममता नाम की महिला ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में 30 से 40 लोग सवार थे। बारात राजस्थान के मोतीपुरा से आ रही थी। ममता ने बताया कि ड्राइवर ने शराब पी रखी थी। ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने के बाद लोग उसके नीचे दब गए। जिसके बाद आसपास के लोगों ने उन्हें निकाला। बाद में जेसीबी की मदद से लोगों को निकाला गया।
Tractor-trolley filled with wedding procession overturned in Rajgarh
ट्राॅली उल्टी हो गई
हादसा कितना भयावह था, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ट्रॉली पूरी उल्टी हो गई। उसके चारों पहिए ऊपर हो गए। ट्रॉली के नीचे कई लोग दब गए। जेसीबी से ट्रॉली को सीधा कर उसके नीचे दबे लोगों को निकाला गया।
जानकारी मिलते ही राज्य मंत्री नारायण सिंह भी जिला अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने घायलों का हाल जाना। साथ ही हादसे के बारे में जानकारी भी ली।