नेशनल हाइवे पर टोलकर्मियों ने बस यात्रियों को लाठी-डंडों से पीटा, एक युवक गंभीर

उज्जैन। टोलकर्मियों ने बस यात्रियों को लाठी-डंडों से जमकर पीटा। घटना शनिवार रात उज्जैन-झालावाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर स्थित पिपलई (निपानिया) टोल प्लाजा की है। कुछ यात्रियों ने इसका वीडियो भी बना लिया। वीडियो रविवार को सामने आया।
जानकारी के मुताबिक टोल प्लाजा पर कर्मचारी बीच लेन में अलाव जलाकर बैठे थे। वहां न तो बैरिकेड्स लगाए गए थे और न संकेतक। इसी दौरान आगर से उज्जैन जा रही मालवा बस अनजाने में उसी लेन में घुस गई। बस में सवार कुछ युवकों ने जब टोल कर्मचारियों से रास्ता साफ करने को कहा, तो वे विवाद करने लगे।
Toll workers beat bus passengers with sticks on the national highway In Ujjain
बस के अंदर घुसकर लाठियां बरसाई
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि 15-20 टोल कर्मचारी लाठी-डंडे लेकर बस सवार युवकों पर टूट पड़े। इसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
आरोप है कि एक टोल कर्मचारी बस के अंदर तक घुसकर यात्रियों को लाठी मारने लगा। आगे बैठी महिला यात्री दहशत में आकर चीखने लगी। स्थिति बिगड़ती देख ड्राइवर ने बस को आगे बढ़ा दिया।

टोल कर्मचारियों के खिलाफ केस
घटि्टया थाना प्रभारी करण कुआंल ने बताया कि टोलकर्मियों द्वारा मालवा बस में सवार युवराज (25), निवासी माकड़ोन के साथ मारपीट की है। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची, स्थिति को नियंत्रण में लिया।
दो आरोपियों की पहचान कर ली गई है। अन्य टोल कर्मचारियों के खिलाफ भी अपराध दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
Toll workers beat bus passengers with sticks on the national highway In Ujjain
