Sunday, June 8, 2025
MPNation

इंदौर में बुजुर्ग को 200 फीट नीचे खाई में खींच ले गया टाइगर, बेटा पहुंचा तो दिखे पिता के जूते-गमछा

इंदौर। इंदौर के पास महू में बाघ ने एक बुजुर्ग का शिकार कर लिया। बाघ ने पहले उस पर हमला किया, फिर 200 फीट नीचे खाई में खींच ले गया। वहां बुजुर्ग के शरीर के आधे हिस्से को खा गया। ग्रामीणों ने खोजा, तो शव खाई में पड़ा मिला।

घटना महू तहसील के मलेंडी के जंगल में रविवार सुबह की है। सुंदरलाल कुर्मी (60) रोजाना मवेशियों को चराने जंगल में ले जाते थे। रविवार सुबह 8 बजे वे जंगल निकल गए, तभी बाघ ने उन पर हमला कर दिया।

खाने देने आया बेटा, तो दिखा पिता के जूते और गमछा

बुजुर्ग सुंदरलाल कुर्मी खाना नहीं ले गए थे। जिस पर उनका बेटा हरिनारायण उन्हें खाना देने जंगल में गया था। उसने वहां पिता के जूते और गमछा नीचे जमीन पर पड़ा देखा। आगे जाने पर वहां खून के निशान भी थे। यह देखकर वह रोने लगा। उसने फोन कर ग्रामीणों को जानकारी दी। ग्रामीणों ने वहां पहुंचकर तलाश की। 200 फीट नीचे खाई में उनका शव पड़ा दिखा।

ग्रामीणों ने वन विभाग को इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुंची टीम ने शव बरामद किया। वन विभाग के डीएफओ नरेंद्र पांडवा ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। डीएफओ ने बताया कि सुंदरलाल के परिजनों को 8 लाख का मुआवजा दिया जाएगा। अभी अंतिम संस्कार के लिए 25 हजार की राशि नकद दी है। वन विभाग फिलहाल जंगल में लगातार बाघ के मूवमेंट पर नजर रखे है।

25 दिन पहले 2 गाय का किया था शिकार

ग्राम मलेंडी में 25 दिन पहले भी बाघ का मूवमेंट था। इस दौरान बाघ ने 2 गाय का शिकार किया था। उसके बाद से क्षेत्र में बाघ का मूवमेंट नजर नहीं आया था, लेकिन अब 25 दिन बाद बाघ ने इंसान का शिकार किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *