Sunday, July 27, 2025
MPNation

बाइक चलाते वक्त चाइना डोर से कटा गला, खून से लथपथ खुद पहुंचा अस्पताल

शाजापुर। शाजापुर में एक शख्स का गला चाइना डोर से कट गया। वह खून से लथपथ खुद ही जिला अस्पताल पहुंचा। डॉक्टरों ने तुरंत उसका ऑपरेशन किया। फिलहाल हालत खतरे से बाहर है। घटना बुधवार सुबह करीब 10.30 बजे की है।

डांसी मोहल्ले के रहने वाले शानू खान (58) बेरछा रोड पर बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान यहां कुछ बच्चे पतंग उड़ा रहे थे। इसी दौरान शानू खान पतंग की चाइना डोर की चपेट में आ गए। इससे उनका गला कट गया। काफी खून बहने लगा। खुद को संभालते हुए शानू बाइक से जिला अस्पताल पहुंचे।

चार लेयर तक कटा गला

जिला अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर तेजपाल सिंह जादौन ने बताया कि शानू के गले की चार लेयर कट गई थीं। इसमें श्वास नली भी शामिल है। माइनर ऑपरेशन किया गया है। अब वह खतरे से बाहर हैं।

चोरी छिपे बिक रही चाइना डोर

लोगों का कहना है कि प्रतिबंध के बावजूद चाइना डोर की बिक्री हो रही है। जिला प्रशासन इस पर रोक नहीं लग पा रहा है। दिसंबर से जनवरी महीने के बीच चाइना डोर से जख्मी होने के मामले जिला अस्पताल में आते ही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *