जबलपुर में कार से 30 लाख कैश के साथ तीन लोग गिरफ्तार

जबलपुर। जबलपुर में लग्जरी कार से 30 लाख रुपए जब्त किए गए हैं। पुलिस ने मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर कार जब्त कर ली है। आरोपी रुपए लेकर शहर में घूम रहे थे।
पूछताछ में रुपए कहां से आए, इसकी पुख्ता जानकारी नहीं दे सके। कार्रवाई शनिवार को विजय नगर थाना पुलिस ने की।
लोकसभा चुनाव के चलते लगी आचार संहिता के चलते कलेक्टर दीपक कुमार सक्सेना और एसपी आदित्य प्रताप सिंह ने निर्देश दिए है कि अवैध गतिविधियां न हों। साथ ही, रुपए की खेप शहर में ना आए। विजय नगर थाना प्रभारी प्रतिक्षा मार्को टीम के साथ वाहन चैकिंग कर रही थीं। इसी दौरान संदिग्ध स्फ्टि कार आते दिखी। पुलिस ने जब कार रोकी, तो तीनों ही युवक कार छोड़कर भागने लगे। पुलिस ने तीनों ही लड़कों को पकड़ लिया। जांच में कार से 30 लाख रुपए जब्त किए गए। पूछताछ के दौरान युवक रुपए से संबंधित जानकारी नहीं दे पाए।
विजय नगर थाना प्रभारी प्रतिक्षा मार्को ने बताया कि आरोपी अशोक ठाकुर, मौसम यादव और राकेश कोल हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि रुपए उन्हें दमोह से जबलपुर लाने के लिए कहा गया था। पुलिस ने आयकर विभाग को सूचना दे दी है।