MP के तीन टूरिस्ट्स की उत्तरकाशी में मौत, 6 घायल; गाड़ियों पर टूटकर गिरा पहाड़
भोपाल। उत्तराखंड के उत्तरकाशी में भारी बारिश और लैंडस्लाइड में मध्यप्रदेश के तीन टूरिस्ट की मौत हो गई। 6 यात्री घायल हो गए। इनमें एक की हालत गंभीर है। मारे गए लोगों में एक भोपाल की महिला है। देवास और इंदौर के युवकों की भी मौत हुई है। सोमवार रात दो टूरिस्ट गाड़ियों पर पहाड़ से टूटकर चट्टानें गिर गईं।
टूरिस्ट्स दो अलग-अलग गाड़ियों में थे। गंगोत्री से भटवाड़ी जाते समय टवेरा और एक टैम्पो ट्रैवलर पर चट्टानें गिर गईं। दोनों गाड़ियां आगे-पीछे चल रही थीं। इंदौर कलेक्टर इलैया राजा टी उत्तरकाशी प्रशासन से संपर्क में हैं। दोनों गाड़ियों के पीछे एक और लोकल पासिंग की गाड़ी थी, जो बच गई।
टेम्पो ट्रैवलर (HR 55 AN 0029) में 21 टूरिस्ट थे। इसमें सवार साकेत नगर, भोपाल की सुरूपा चौहान की मौत हो गई। दूसरे मृतक रवि वघेल हरियाणा के रहने वाले हैं। साकेत नगर, भोपाल के माही (9) और अमृता (13) पिता महेंद्र चौहान और इंदौर की सानिध्या (14) पुत्री घायल हैं। 15 यात्री सुरक्षित हैं।
दूसरी टवेरा कार (MP13 BA 1879) है। इसमें 8 टूरिस्ट थे। देवास के अंशुल (24) और शिप्रा, इंदौर के योगेंद्र सोलंकी (28) की मौत हुई है। देवास के उमंग सोलंकी (36) गंभीर रूप से घायल हो गए। देवास के ही अभिषेक सोलंकी (24) और अंकुश सोलंकी (24) घायल बताए जा रहे हैं।

लैब टेक्निशियन था शुभम
योगेंद्र पिता कालूसिंह सोलंकी शादीशुदा था। वह अमलतास मेडिकल हॉस्पिटल देवास मे लैब टेक्निशियन था और पढ़ाई भी कर रहा था। पिता कालूसिंह पशु चिकित्सक हैं। योगी ने नाम से पहचाना जाता था।
हादसे में घायलों के परिजन ने बताया कि इंदौर से करीब 16 लोग चारधाम यात्रा पर गए थे। सोमवार शाम उनके वाहनों टवेरा और टेम्पो ट्रैवलर पर पहाड़ से पत्थर गिरे। रजक समाज के चार परिवारों के लोग थे। 5 जुलाई को इंदौर से रवाना हुए थे। 6 पुरुष और बाकी महिलाएं व बच्चे शामिल हैं। सूचना मिली थी कि गाड़ी पर पत्थर गिरने से महिला पुष्पा बाई चौहान की मौत हो गई, बाकी लोग सुरक्षित हैं।