तीन महीने की बच्ची को 51 बार गर्म हंसिए से दागा, मौत; पेट व शरीर पर निशान

शहडोल। शहडोल संभाग में 10 दिन में मासूम को दागने का एक और मामला सामने आया है। मामला अनूपपुर जिले के राजेन्द्रग्राम के ताराडांड गांव का है। यहां 3 महीने की बच्ची को गर्म हंसिया से 51 बार दागा गया। पेट व शरीर के अन्य हिस्सों पर निशान बन गए।
रविवार को शहडोल मेडिकल काॅलेज में उपचार के दौरान बच्ची की मौत हो गई।
अनुपपुर जिले के राजेन्द्रग्राम के ताराडाड़ गांव में रहने वाली उषा पति मोहन सिंह की तीन महीने की बच्ची को निमोनिया की शिकायत थी। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने बालिका को गर्म हंसिया से दगवा दिया। इसके बाद हालत ज्यादा खबरा हो गई। फिर परिजन बच्ची को अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टर ने उसे मेडिकल अस्पताल शहडोल रेफर कर दिया था।
डॉक्टर ने बताया कि शनिवार को बच्ची को अस्पताल लाया गया था। उसकी हालत गंभीर थी।
पहले भी ऐसी दो घटनाएं हुईं
पिछले दिनों शहडोल के ग्राम पटासी में तीन महीने की बालिका को गर्म सलाखों से दागने के बाद नाजुक हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां उपचार के दौरान बच्ची की मौत हो गई थी। सोहागपुर पुलिस ने मर्ग कायम करते हुए बालिका की मां व दागने वाली दाई पर केस दर्ज किया था।
दो दिन पहले भी हुई थी मौत
शहडोल जिले की बंधवा की रहने वाली रामबाई अपने मायके उमरिया के बकेली गई थी। यहां बच्चे राजन की तबीयत बिगड़ गई। गांव में इलाज नहीं मिलने पर रामबाई की मां दाई को बुला लाई। दाई ने घर में चूड़ी से बच्चे को पेट पर कई बार दागा। इसके बाद उसकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। बच्चे को झटके आने लगे।
अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि 21 दिसंबर को परिजन 1 माह 15 दिन के बच्चे को लेकर आए थे। उसकी सांसें काफी तेज चल रही थीं। पेट पर सूजन और दागने के काफी निशान थे। बच्चे को गंभीर हालत में PICU में भर्ती किया गया। शुक्रवार को उसकी मौत हो गई।