तीन बेटियों को फंदे पर लटकाया, फिर महिला ने फांसी लगाई; भाई बोला- बेटा नहीं होने पर ससुराल वाले करते थे प्रताड़ित

भोपाल। भोपाल में एक महिला ने पहले तीन बेटियों को फंदे पर लटाकाया, इसके बाद खुद भी फांसी लगा ली। इनमें महिला और दो बेटियों की मौत हो गई, जबकि ढाई साल की बेटी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला के भाई का आरोप है कि बेटे को जन्म नहीं देने के कारण ससुराल वाले प्रताड़ित करते थे।
घटना भोपाल से 35 किमी दूर गुनगा थाना क्षेत्र के रोडिया गांव की है। मामला मंगलवार सुबह का है, लेकिन दोपहर में सामने आया। महिला का नाम संगीता यादव (28), बेटी आराध्या (5) और सृष्टि (ढाई साल) है।
गुनगा थाना प्रभारी अरुण शर्मा के मुताबिक रायसेन जिले के संग्रामपुर की रहने वाली संगीता की शादी साल 2018 में भोपाल के रोडिया गांव के रहने वाले रजत यादव से हुई थी। शुरुआती जांच में महिला द्वारा सुसाइड और इससे पहले तीन बच्चियों की हत्या के संकेत मिले। इससे पहले, महिला ने अपनी ननद मोना को पांच वॉइस मैसेज भेजे। पहला मैसेज- सोमवार रात 12.24 पर और बाकी के चार 12.55 पर भेजे हैं। यही मैसेज अपने भाई नीरज को भी भेजे।

भाई का आरोप- बेटा नहीं होने पर करते थे प्रताड़ित
संगीता के भाई नीरज यादव ने बहन के सुसराल वालों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। नीरज ने बताया कि रात को संगीता ने लगातार पांच मैसेज मोबाइल पर भेजे। मैंने सुबह मैसेज देखे। एक मैसेज में वो कह रही है कि वह (पति) बहुत खराब हैं। मैं सोचती थी कि आज नहीं तो कल सब ठीक हो जाएगा। अब मैं जहर खा रही हूं। कोई नहीं बचेगा, सब मरेंगे।
फोन पर भी नहीं दी सटीक जानकारी
नीरज ने बताया- मैसेज देखकर संगीता को कॉल किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। संगीता के देवर को भी फोन किया। मैंने कुशलक्षेम पूछी, तो उसने कहा कि सब ठीक है। फिर भी विश्वास नहीं हुआ। पड़ोस के गांव में रहने वाली बुआ को फोन किया। जब रिश्तेदार उनके यहां पहुंचा, तो देखा कि तीनों के शव रखे थे। उन्होंने मुझे बताया। मैंने पुलिस को सूचना दी।
भाई बोला- जीजा मरने की धमकी देते थे
नीरज ने बताया कि दीदी मायके आ जाती थी, तो जीजा रजत यादव मरने की धमकी देते थे। कहते थे, लेने नहीं आ रहा हूं। ससुराल आ जाओ, नहीं आई तो एक्सीडेंट करके मर जाऊंगा। करंट लगा लूंगा। 4 मार्च को छोटी बहन की शादी थी। शादी में नशे में धुत होकर आए थे। रात में ही दीदी को लेकर गए थे। शादी के बाद सब लोगों ने मिलकर प्रताड़ित किया।
सुसाइड नोट पर भी असमंजस
परिजन ने आरोप लगाया है कि संगीता जब फंदे पर लटकी मिली, तब उसकी पीठ पर लेटर चिपका था। ये सुसाइड नोट था, जिसमें लिखा है- उसके पेट में एक गठान है। इस वजह से अब आगे बच्चे नहीं पैदा कर सकती। परिवार वालों को पुत्र नहीं दे सकती, इसलिए मैं ऐसा करने जा रही हूं। हालांकि, कुछ अन्य परिजन का कहना है कि कोई लेटर नहीं मिला है। वहीं, पुलिसकर्मियों की मानें तो घटनास्थल से एक लेटर बरामद हुआ है।