MP में प्रियंका गांधी को खतरा!, जबलपुर पुलिस को मिले इनपुट; 200 अफसर-जवान रहेंगे तैनात
जबलपुर। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव सोमवार को जबलपुर आ रही हैं। जबलपुर पुलिस को प्रियंका गांधी को को लेकर खतरे के इनपुट मिले हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस अलर्ट है। करीब 200 अफसर और जवान तैनात रहेंगे। वे यहां होने वाले विधानसभा चुनाव प्रचार अभियान का शंखनाद करेंगी। एएसपी समर वर्मा ने इसकी पुष्टि की है।
एएसपी ने बताया कि कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी करीब साढ़े तीन घंटे जबलपुर में रहेंगी। उनकी सुरक्षा को लेकर खतरे के इनपुट भी मिले हैं, जिसके चलते विशेष सतर्कता बरती जा रही है। प्रियंका गांधी को जेड प्लस सुरक्षा प्राप्त है। उनके होने वाले कार्यक्रमों में स्थानीय पुलिस ने विशेष सुरक्षा व्यवस्था बनाई है।
पुलिस ने डुमना एयरपोर्ट से लेकर आयुर्वेदिक कालेज मैदान, गौरीघाट, भंवरताल पार्क और सभा स्थल गोल बाजार में विशेष व्यवस्था की है।
विशेष उपकरणों से निगरानी
एएसपी के मुताबिक प्रियंका गांधी के जबलपुर आने से लेकर उनके जाने तक विशेष उपकरणों से निगरानी रखी जाएगी। उनके आसपास खास लोग ही मौजूद रहेंगे। उनकी सुरक्षा में 4 डीएसपी, 8 टीआई समेत करीब 200 जवानों का बल तैनात रहेगा। वरिष्ठ अधिकारी पल-पल की निगरानी करेंगे।
कांग्रेस बोली- सुरक्षा में कमी नहीं होगी
पुलिस को मिले इनपुट के बाद कांग्रेस भी प्रियंका गांधी की सुरक्षा को लेकर गंभीर हो गई है। मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह का कहना है कि उनकी सुरक्षा में कोई कमी नहीं होगी। प्रियंका गांधी को सुरक्षा प्रदान करने की जिम्मेदारी पुलिस-प्रशासन की है। इसके साथ ही कांग्रेस पार्टी उनकी सुरक्षा में लगी है।
ऐसा रहेगा प्रियंका गांधी का कार्यक्रम
तय शेड्यूल के मुताबिक प्रियंका गांधी सोमवार सुबह 10 बजे विशेष विमान से डुमना एयरपोर्ट पहुंचेंगी। यहां से ग्वारीघाट पहुुंचकर मां नर्मदा की महाआरती कर पूजन करेंगी। इसके साथ ही चुनाव प्रचार अभियान आरंभ हो जाएगा। वे गोलबाजार शहीद स्मारक में सभा को संबोधित करेंगी। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, दिग्विजय सिंह सहित कई दिग्गज नेता शामिल होंगे।