Monday, March 23, 2026
MPNation

सावन का तीसरा सोमवार, बमभोले के जयकारों से गूंजा महाकाल मंदिर; एक्टर आशुतोष राणा ने भी किए दर्शन

उज्जैन। सावन महीने के तीसरे सोमवार को उज्जैन का महाकाल मंदिर बमभोले के जयकारों से गूंज रहा है। बॉलीवुड एक्टर आशुतोष राणा भी महाकाल के दर्शन करने पहुंचे। नंदी हॉल से दर्शनों के बाद वे भोग आरती में भी शामिल हुए और बाबा का आशीर्वाद लिया। इस दिन दो लाख से ज्यादा भक्तों के पहुंचने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी दर्शनों के लिए उज्जैन पहुंचेंगे। साथ ही, पालिका पूजन कर शाम 4 बजे बाबा महाकाल की सवारी में भी शामिल होंगे।

भस्म आरती के लिए रात 12 बजे से भक्तों की लाइन लगना शुरू हो गई थी। तड़के 2.30 बजे महाकाल मंदिर के पट खोलने के बाद भगवान को भस्म चढ़ाई गई। पंचामृत, अभिषेक पूजन कर भांग, चंदन से राजा स्वरूप दिव्य श्रृंगार किया गया। आरती के बाद बड़ी संख्या में कई भक्तों ने चलित भस्म आरती व्यवस्था से दर्शन किए।

पंचामृत से पूजन, चंदन से श्रृंगार

तड़के भस्म आरती में भगवान महाकाल का पहला पूजन किया गया। पुजारी ने गर्भगृह में सभी प्रतिमाओं का जलाभिषेक कर दूध, दही, घी, शक्कर, शहद से बने पंचामृत से बाबा का पूजन किया। हरि ओम जल चढ़ाकर कपूर आरती के बाद भांग, चंदन, अबीर के साथ महाकाल के मस्तक पर ऊँ, चंद्र और त्रिपुंड अर्पित कर राजा स्वरूप में श्रृंगार किया गया। श्रृंगार पूरा होने के बाद ज्योतिर्लिंग को कपड़े से ढक कर भस्म रमाई गई। आखिरी में भगवान की विशेष भस्म आरती की गई। मंगलवार 4 जुलाई से सावन महीने की शुरुआत हुई है।

शिव तांडव स्वरूप में गरुड़ पर सवार होंगे भोलेनाथ

श्री महाकालेश्वर मंदिर से सोमवार शाम चार बजे बाबा महाकाल की तीसरी सवारी निकाली जाएगी। इस दौरान चांदी की पालकी में चंद्रमौलेश्वर और हाथी पर मनमहेश की प्रतिमा के अलावा गरुड़ पर सवार भगवान शिव तांडव की प्रतिमा भी रथ पर होगी।

भगवान महाकाल की सवारी में प्रत्येक सोमवार को नये स्वरूप की प्रतिमा प्रजा को दर्शन देने शामिल होती है। इस बार सावन का अधिकमास होने से भगवान महाकाल की शाही सवारी समेत 10 सवारियां निकलेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *