हाईवे पर बस रोककर ड्राइवर को पीटा, रुपए छीनकर भागे; मुरैना में सूचना के बाद भी नहीं पहुंची पुलिस

मुरैना। मुरैना में नेशनल हाईवे पर बदमाशों ने यात्री बस के ड्राइवर को खींचकर जमकर पीटा। महिला यात्री उसे छोड़ने की गुहार लगाती रहीं, लेकिन बदमाश बेसबॉल के डंडों से पीटते रहे। ड्राइवर के दोनों पैराें में फ्रैक्चर है। आरोपी बस में रखे 14 हजार रुपए छीन ले गए।
घटना गंगापुर हनुमान मंदिर के पास शनिवार देर रात की है। बड़ी बात ये है कि सूचना के काफी देर तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।
बस मालिक दिनेश सिकरवार का कहना है कि सूचना मिलते ही पुलिस कॉल किया था, लेकिन पुलिस नहीं पहुंची। आरोपी फरार हो गए। बता दें कि पिछले 15 दिन में यह चौथी ऐसी घटना है। किसी भी मामले में पुलिस ने कार्रवाई नहीं की।
The driver was beaten after stopping the bus on the highway
आदतन बदमाशों ने की मारपीट
जयभारत ट्रैवल्स की बस (UP80 FT 6416) यात्रियों को लेकर खाटू श्याम जा रही थी। इसी दौरान जनकपुर गांव के आदतन बदमाश भानू गुर्जर, श्याम वीर गुर्जर, श्रीराम गुर्जर, मंटो गुर्जर, गुरु दयाल गुर्जर और उनके तीन अन्य साथियों ने बस को ओवरटेक कर रोका। उन्होंने ड्राइवर विजय परमार (42) को जबरन उतारा और डंडे बरसाने शुरू कर दिए।
बदमाशों ने धमकी दी कि ‘किसी को भी बुला ले, गाड़ी नहीं चलेगी।’ एक यात्री ने घटना का वीडियो बना लिया है। मारपीट के दौरान बस में चीख-पुकार मच गई।
जब पुलिस नहीं पहुंची, तो बस ऑपरेटर दिनेश सिकरवार ने कुछ लोगों को भेजा। रात 2 बजे सिविल लाइन थाने में बस को खड़ी कराया गया। यात्रियों को दूसरी बस से रवाना किया गया।

बरसाए डंडे, रुपए भी छीन ले गए
घायल चालक विजय परमार ने बताया, आरोपियों ने गंगापुर हनुमान मंदिर के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली अड़ाकर मारपीट की। रास्ते के खर्च और डीजल के लिए 14 हजार रुपए रखे थे, जिन्हें बदमाश छीन ले गए। आरोपियों ने वहां मौजूद लोगों के मोबाइल भी बंद करवा दिए थे।
बस मालिक बोले- टैक्स भरने की सजा मिल रही
बस मालिक दिनेश सिकरवार ने बताया कि पिछले 20 साल से एक नंबर में बस चला रहा हूं। मार्च 2026 तक का टैक्स और परमिट जमा है। ईमानदारी की सजा मिल रही है। अवैध बस संचालक, जिनके पास न परमिट है न कागज, वे धड़ल्ले से गाड़ियां चला रहे हैं। हम पर हमले करवा रहे हैं। पुलिस सिर्फ मारपीट का केस दर्ज करती है, लूट की रिपोर्ट नहीं लिखती। इस वजह से बदमाशों के हौसले बुलंद हैं।
The driver was beaten after stopping the bus on the highway
अब तक चार बस चालकों से मारपीट
20 दिसंबर की रात भानू गुर्जर ने जय भारत ट्रैवल्स की परमिट वाली बस को रोक लिया था। उसने साथियों के साथ मिलकर बस से सवारियों को उतरवाया और गैर-परमिट वाली बस में बैठा लिया। ड्राइवर ने विरोध किया, तो आरोपियों ने फायरिंग की थी।
इस घटना के बाद से विवाद जारी है। आरोपियों के खिलाफ तीन एफआईआर दर्ज हुईं, लेकिन सामान्य मारपीट की धाराओं में होने के कारण जमानत मिल गई। इसके बाद से आरोपी जय भारत ट्रैवल्स की बसों को चलने नहीं दे रहे हैं। अब तक चार बार बस चालकों के साथ मारपीट की जा चुकी है।
