Sunday, June 8, 2025
MP

नाबालिग का सिर चीर कर निकल गई गोली, ग्वालियर में दोस्त के विवाद में साथ देने गया था; तड़पता छोड़ गए साथी

ग्वालियर। ग्वालियर में 17 साल के लड़के की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह अपने दोस्त के विवाद में साथ देने गया था। यहां छह बदमाशों ने उस पर फायर कर दिया। गोली नाबालिग के जबड़े में लग कर सिर को चीरते हुए निकल गई। साथी उसे वहीं तड़पता छोड़ गए।

वारदात शुक्रवार शाम मुरार इलाके के छह नंबर चौराहा की है। 17 साल का इमरान खान रैपिडो राइडर था। वह कस्टमर को ड्रॉप कर लौट रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला प्रिंस मिला। प्रिंस उसे अनूप राजावत की बर्थडे पार्टी में मेला ग्राउंड ले गया। इसी पार्टी में गोलू भी आया था। गोलू को आरोपी अरविंद ने कॉल कर धमकी देते हुए छह नंबर चौराहा पर बुलाया। गोलू के साथ प्रिंस, अनूप, इमरान वहां पहुंचे।

यहां अरविंद के साथ पहले से छह लड़के थे। अरविंद ने साथियों के साथ हमला कर दिया। गोलू, प्रिंस और अनूप भागने लगे। आरोपियों ने इमरान को घेर लिया। उन्होंने उस पर फायर कर दिया। इमरान की मौके पर ही मौत हो गई। वहां मौजूद लोगों ने उसे बिड़ला हॉस्पिटल पहुंचाया। यहां से उसे न्यू जेएएच अस्पताल भेज दिया गया। डॉक्टरों ने इमरान को मृत घोषित कर दिया।

घटनास्थल पर पड़े बैग से पहचान
इमरान पार्टी में जाना नहीं चाहता था। प्रिंस के कहने पर वह चला गया। पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां बाइक के पास बैग मिला। तलाशी के दौरान डॉक्यूमेंट में कॉन्टैक्ट नंबर था। नंबर चेक किया तो वह थाटीपुर के शिवाजी नगर में रहने वाले प्रिंस खरे (20) का निकला। पुलिस ने समझा कि प्रिंस की हत्या हुई है। नंबर पर कॉल किया, तो प्रिंस के पिता ने रिसीव किया। उन्होंने बताया कि बेटा तो सही सलामत है। पुलिस प्रिंस के घर पहुंची। उसे थाने लेकर आई। पूछताछ में उसने घटनाक्रम बता दिया।

The bullet pierced the minor's head, he had gone to Gwalior to support a friend in a dispute; Friends left in pain, gwalior , crime, boy murder in gwalior, kalluram news
पुलिस ने जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसमें कुछ लड़के विवाद करते दिखे हैं।

CCTV में दिखे 10-12 लड़के
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास CCTV खंगाले। फुटेज में हत्या के स्पॉट पर करीब 10 से 12 लड़के झगड़ा करते दिखे। अंधेरा होने के कारण फुटेज इतने साफ नहीं हैं। एक वीडियो में दिख रहा है प्रिंस और इमरान साथ हैं। बैग इमरान ने टांग रखा है, इसलिए पुलिस प्रिंस को ही मृतक समझ रही थी।

रैपिडो चलाकर पढ़ाई का खर्च उठाता था
पुलिस ने बताया इमरान इकलौता बेटा था। घर की माली हालत ठीक नहीं है। वह रैपिडो बाइक चलाकर पढ़ाई का खर्च उठाता था। वह दोस्त के विवाद में बेकसूर ही मारा गया। घर से निकलने से पहले इमरान ने मिरर सेल्फी भी ली थी।

प्रत्यक्षदर्शी बोले- हमलावर दो बाइक पर थे
प्रत्यक्षदर्शी दिलीप कुमार रजक ने बताया कि मैं चौराहा क्रॉस कर रहा था, तभी गोली चलने की आवाज सुनाई दी। देखा तो एक लड़का सड़क पर घायल पड़ा था। दो बाइक पर छह लोग बैठे थे, उन्होंने ही गोली मारी थी। इसके बाद फरार हो गए। हम घायल को बिड़ला हॉस्पिटल ले गए थे। पुलिस भी आ गई थी। दिलीप कुमार ने बताया कि वे केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के दिल्ली बंगले पर लॉन्ड्री का काम करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *