गुस्से में पिता ने कहा- ‘मरना है तो मर जाओ’, बेटी फंदे पर झूल गई; शव लेने भी नहीं पहुंचा
छिंदवाड़ा। देहात थाना क्षेत्र में कुकड़ा जगत की रहने वाली नाबालिग लड़की ने फांसी लगा ली। घटना से पहले उसका पिता के साथ विवाद हुआ था। गुस्से में पिता ने कह दिया कि मरना है तो मर जाओ। यही नहीं, वह बेटी का शव लेने के लिए अस्पताल नहीं गया। रविवार को उसकी अंतिम यात्रा अस्पताल से सीधे शमशान घाट ले जाई गई, जहां अंतिम संस्कार हुआ।
प्राची अपनी मां और छोटी बहन के साथ इमलिया बाेहता में किराए से रहती थी। उसका पिता संजय सोनटके शराब का आदी है। नशे में धुत होकर आए दिन परिवार के साथ विवाद और मारपीट करता था। इस कारण दोनों बहनें और मां अलग रहते हैं। शनिवार दोपहर किसी बात को लेकर संजय और प्राची के बीच विवाद हो गया। गुस्से में संजय ने कह दिया कि जा मरना है तो मर जा। इसके बाद वहां से चला गया। यह बात प्राची को नागवार गुजरी।
शाम को फंदे पर मिला शव
इसके बाद प्राची अपने कमरे में चली गई। काफी देर बाद मां और बहन घर लौटे। मां ने प्राची को आवाज लगाई, तो जवाब नहीं मिला। कमरे में जाकर देखा, तो घबरा गई। प्राची का शव फंदे पर लटका था। पुलिस को भी सूचना दी गई। रविवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पिता नहीं पहुंचा अंतिम यात्रा में
अस्पताल के पोस्टमॉर्टम हाउस से ही प्राची की अंतिम यात्रा निकाली गई। यहीं से उसकी अर्थी सजाकर श्मशान घाट ले जाया गया। बहन और मां का रो-रोकर बुरा हाल था, लेकिन संजय सोनटके बेटी की अंतिम यात्रा में नहीं पहुंचा।