फौजी ने बारात में डांस करते हुए मुंह में रॉकेट रखकर चलाया, ब्लास्ट के बाद फटा चेहरा, मौत
धार। सेना के जवान ने बारात में डांस करते हुए मुंह में रॉकेट रखकर चला दिया। पटाखा फूटने से उसका चेहरा बुरी तरह फट गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जवान एक महीने की छुट्टी पर आया था। यहां एक शादी समारोह में आतिशबाजी कर रहा था। दोस्तों के उकसाने पर उसने रॉकेट मुंह में दबाकर जला दिया।
मामला धार जिले की सरदारपुर तहसील के आदिवासी ग्राम जलोख्या का है। जवान का नाम निर्भय सिंह (35) था। वह भारतीय सेना में जम्मू-कश्मीर में तैनात था। सोमवार रात वह गांव में ही आयोजित शादी समारोह में पहुंचा था। इस दौरान वह बारात में डांस कर रहा था। जवान निर्भय सिंह ने डांस के दौरान हाथ में एक रॉकेट लेकर जलाया। वह आसमान की तरफ जाकर फट गया।
थोड़ी देर बाद दूसरा रॉकेट उठाकर उसे मुंह में रखकर दबा लिया। निर्भय ने जैसे ही रॉकेट में आग लगाई, वह मुंह में ही फट गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अचानक हुई घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। रात में ही परिजन फौजी के शव को लेकर समीप के अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मंगलवार को शव का पाेस्टमॉर्टम किया गया।
जम्मू कश्मीर में पदस्थ था
निर्भय सिंह (35) पिता प्रताप सिंघार भारतीय सेना में था। वह जम्मू-कश्मीर में पदस्थ था। वह एक महीने की छुट्टी लेकर लेकर 2 अप्रैल को धार जिले में स्थित गांव आया था। सोमवार को परिचित मोहन बिलवाल के बेटे बबलू की शादी थी। जहां उसके साथ हादसा हो गया। सूचना पर मंगलवार को ही इंदौर से FSL की टीम मौके पर पहुंची। FSL टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
सूचना पर सेना की टीम भी पहुंची
सूचना परिवार के लोगों ने भारतीय सेना के अधिकारियों को भी दी। मंगलवार दोपहर को महू से सेना के अधिकारी गांव पहुंचे। जहां सेना के जवानों ने मृत जवान को गॉर्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद सेना के वाहन में फौजी का शव रखकर गांव में अंतिम यात्रा निकाली गई। सेना के प्रोटोकॉल के तहत जवान का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्र के ग्रामीण शामिल हुए।
पटाखा मुंह में फटने से हुई मौत: थाना प्रभारी
अमझेरा थाना प्रभारी सीबी सिंह ने कहा कि गांव में भतीजी की शादी के दौरान बाना निकल रहा था, तभी निर्भय सिंह ने एक रॉकेट तो हाथ में चलाया। दूसरा दांत में दबाकर चलाने के कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान पटाखा मुंह में फट गया।