भाजपा प्रत्याशी मोनिका बट्टी की सभा में गोंडवाना जिंदाबाद के नारे, गोंगपा छोड़कर BJP में शामिल हुई थीं
छिंदवाड़ा। अमरवाड़ा की भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी मोनिका बट्टी की सभा में गोंडवाना जिंदाबाद के नारे लगे। आखिकार मोनिका ने इशारा किया, तब कहीं नारे लगना बंद हुए। मोनिका गोंगपा छोड़कर भाजपा में शामिल हुई थीं। इसके बाद पार्टी से उन्हें विधानसभा चुनाव का उम्मीदवार बनाया गया है।
दरअसल, गुरुवार को हर्रई के डोरली गांव में मोनिका बट्टी की सभा रखी गई थी। मंच पर मोनिका समेत भाजपा के कई पदाधिकारी भी मौजूद थे। इसी दौरान, कार्यकर्ताओं ने ‘गोंडवाना के वास्ते खाली कर दो रास्ते’ के नारे लगाए गए। कई बार इसे दोहराया गया। आखिकार मोनिका बट्टी ने कार्यकर्ताओं को इशारा किया, तब जाकर कार्यकर्ता शांत हुए। इसके बाद भाजपा के समर्थन में नारे लगाना शुरू किए।
हालांकि मोनिका बट्टी की परवरिश शुरुआत से ही गोंडवाना पार्टी में हुई है। इधर, मोनिका बट्टी की भाजपा विरोधियों से दूरी खत्म होने का नाम नहीं ले रही। हालांकि कुछ विरोधी उनके साथ काम करने में जुट गए हैं। उन्होंने हर्रई आगमन पर मोनिका बट्टी का जोरदार स्वागत किया। उन्हें जिताने संकल्प लिया है। विरोधी गुट का कहना है कि हमारी वैचारिक लड़ाई है। यह घर का मामला है। हम भाजपा के लिए काम करते है न कि प्रत्याशी के लिए।
हालांकि उत्तम ठाकुर का विरोध कम नहीं हुआ है। वह मोनिका बट्टी को लेकर नाराज हैं। टिकट को लेकर वह आए दिन भोपाल के चक्कर काट रहे हैं। इधर, भाजपा ने उन्हें प्रत्याशी बनाकर मैदान में उतार दिया है। हाईकमान प्रत्याशी बदलने को तैयार नहीं है।
बढ़ सकती हैं मोनिका की मुसीबतें
विरोध के चलते मोनिका बट्टी के लिए मुसीबत बन सकती हैं। ऐसे में त्रिकोणीय मुकाबला हो सकता है। भागोंपा ने अमरवाड़ा से एडवोकेट संतलाल परतेती, जुन्नारदेव से पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष झमकलाल सरेयाम, चौरई से पवन शाह सरेयाम, परासिया से सुश्री संतोषी डेहरिया, पांढुर्णा से वासुदेव कुमरे और सौंसर देवदास परतेती को प्रत्याशी बनाया है। फिलहाल, छिंदवाड़ा विधान सभा से नाम तय नहीं हुआ है।
राजनीतिज्ञ विश्लेषेकों की मानें गोंडवाना का वोट यदि भाजपा में तब्दील होता है, तो लाभ मिलेगा।