Sunday, July 27, 2025
MP

जबलपुर में बहन के बॉयफ्रेंड के सिर पर मारी गोली, शव नदी में फेंका; रतलाम में युवक की चाकू मार कर हत्या

जबलपुर/रतलाम। मध्यप्रदेश में दो युवकों की हत्या कर दी गई। दोनों ही जगह गुस्साए परिजनों ने हंगामा कर दिया। सड़क पर शव रखकर चक्काजाम किया। समझाइश के बाद मामला शांत हुआ। पहला मामला जबलपुर का है। यहां गर्लफ्रेंड के भाई युवक के सिर पर लोहे के पाइप से हमला कर दिया। इसके बाद शव को नदी में फेंक दिया। वहीं, रतलाम में धोखे से बुलाकर युवक को चाकू मार दिया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां दम तोड़ दिया। रविवार को लोगों ने चक्काजाम कर दिया।

जबलपुर- प्रेमिका के भाई-चाचा ने किया हमला

यहां कटंगी थाना क्षेत्र में रविवार सुबह ग्रामीणों ने नदी में शव उतराते देखा। लोगों ने इसकी सूचना कटंगी पुलिस को दी। पुलिस ने शव को निकलवाया। युवक के सिर में गंभीर चोट के निशान थे। उसकी पहचान  भैरवघाट निवासी राजा उर्फ कृष्णकांत लोधी (30) के रूप में हुई। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई।

थाना प्रभारी कटंगी शिवमंगल सिंह के मुताबिक परिजनों ने लड़की के भाई पर शक जताया था। भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पहले तो वह बरगलाने लगा, लेकिन सख्ती करने पर वारदात कबूल कर ली।

प्रेमिका से मिलने आया और मारा गया

टीआई ने बताया कि राजा लोधी अपनी नानी के घर पौड़ी आया-जाया करता था। वह नानी के मकान के पास ही रहने वाली लड़की से प्रेम करता था। नानी के यहां आने के दौरान वह प्रेमिका से मिलने उसके घर भी आता था। दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे, लड़की के पिता इसके लिए राजी नहीं थे। हाल में दो दिन पहले ही वह नानी के यहां शादी में आया था। शुक्रवार देर रात राजा प्रेमिका से मिलने पहुंचा। इसी दौरान, लड़की के पिता हनुमत सिंह लोधी, भाई राजुल लोधी और चाचा राघवेंद्र सिंह ने उसे देख लिया। गुस्से में राघवेंद्र ने लोहे के पाइप से राजा के सिर पर वार कर दिया। वहीं, राजुल ने पिस्टल से गोली मार दी। रात में ही शव को हिरन नदी में फेंक दिया।

सड़क पर शव रखकर हंगामा

परिजनों ने पुलिस पर कार्रवाई में देरी और लापरवाही का आरोप लगाया। दोपहर में पाटन के मुख्य चौराहे में परिजनों ने शव रखकर चक्काजाम कर दिया। करीब एक घंटे तक प्रदर्शन किया गया। मौके पर एसडीओपी सारिका पांडे और थाना प्रभारी पहुंचे। समझाइश के बाद शव का पोस्टमॉर्टम करवाने भिजवाया गया। वहीं, पुलिस ने केस दर्ज कर लड़की के पिता और भाई को गिरफ्तार कर लिया।

रतलाम में युवक की हत्या के विरोध में चक्काजाम

रतलाम में युवक की हत्या के विरोध में परिजन और गांव के लोगों ने जाम लगा दिया। सनावदा फंटे इलाके में नयागांव-लेबड फोरलेन पर बैठे परिजन और ग्रामीण आरोपियों के घर तोड़ने की मांग पर अड़ गए। अफसरों की समझाइश के बाद करीब 3 घंटे बाद मामला शांत हुआ। जाम के दौरान सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लाइन लग गई।

डीडी नगर थाना पुलिस के अनुसार‎ बरवनखेड़ी के रहने वाले रितेश राणा और नगरा के‎ रहने वाले नारायणसिंह डोडिया‎ (16) और उसके बड़े भाई‎ राजपालसिंह डोडिया से विवाद चल रहा है। शनिवार रात करीब 8:30 बजे रितेश राणा ने फोरलेन स्थित सनावदा फंटे पर‎ कॉल कर‎ नारायण सिंह को समझौता करने बुलाया। दोनों भाई साथी नारायण‎ भाटी (23) निवासी‎ नगरा व अन्य साथी बाइक से मौके पर पहुंचे।

यहां रितेश राणा, अंकित‎ प्रजापत, सचिन और तीन-चार आरोपियों‎ ने लाठियों से हमला‎ कर दिया। इस बीच रितेश और अंकित‎ ने नारायण भाटी के पेट और सीने में चाकू मार दिया। वहीं, नारायण‎ सिंह डोडिया भी घायल हो गया। उसे‎ मेडिकल कॉलेज में भर्ती करया गया है। नारायण भाटी खेती-किसानी का काम करता था, जबकि घायल नारायण 10वीं का छात्र है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *