नवंबर के आखिरी सप्ताह से तेज ठंड, ग्वालियर, जबलपुर, पचमढ़ी में 8 डिग्री पहुंचेगा तापमान; भोपाल में 11 डिग्री
भोपाल। मध्यप्रदेश में अभी तेज ठंड पड़ने के आसार नहीं हैं। नवंबर के आखिरी सप्ताह में ही तापमान में गिरावट आएगी। अमूमन नवंबर महीने में ग्वालियर, जबलपुर, पचमढ़ी, नौगांव, मलाजखंड समेत कई शहरों में तापमान 8 डिग्री तक रहता है, जबकि भोपाल-इंदौर में 10 से 11 डिग्री के बीच रहता है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक इस बार भी ऐसा ही ट्रेंड रहेगा।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे का कहना है कि दिसंबर और जनवरी में कड़ाके की ठंड पड़ती है। कई जगह तो तापमान 2 डिग्री तक पहुंच जाता है। इससे पहले, नवंबर में गुलाबी ठंड का असर शुरू हो जाता है। इस समय भी गुलाबी ठंड पड़ रही है। मौसम वैज्ञानिक प्रकाश धावले ने बताया कि 15 नवंबर तक दिन में गर्मी और रात में हल्की ठंड रहेगी। इसके बाद तापमान गिरने लगेगा। 20 नवंबर तक ठंड तेज होने लगेगी। भोपाल में आखिरी सप्ताह तक रात का टेम्प्रेचर 10 से 11 डिग्री तक आ सकता है। दिन में तापमान 30 डिग्री के आसपास ही रहेगा।
भोपाल में दिन में गर्मी रात में ठंड
भोपाल में नवंबर महीने में पिछले 10 साल से दिन में गर्मी और रात में सर्दी का ट्रेंड है। मौसम विभाग के मुताबिक इस बार भी ऐसा ही मौसम रह सकता है। भोपाल में 10 साल में दो बार ऐसा हुआ, जब रात का टेम्प्रेचर 9 डिग्री तक पहुंचा हो। इस बार तापमान 10 से 12 डिग्री के बीच ही रहेगा। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के एक्टिव होने से बूंदाबांदी भी हो सकती है।
पिछले 10 साल का ट्रेंड
पिछले 10 साल के आंकड़े देखें, तो नवंबर में प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान 29 डिग्री और रात में 14-15 डिग्री तक रहता है। कई शहरों में पारा 6 डिग्री तक पहुंच जाता है।
- – इंदौर में वर्ष 2013 से 2022 के बीच एक बार ही पारा 10.4 डिग्री तक पहुंचा है। बाकी साल में 11 से 13.8 डिग्री तक टेम्प्रेचर रहा है। 25 नवंबर 1938 में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री तक चला गया था।
- उज्जैन में रात का तापमान 9 से 13.5 डिग्री के बीच रहता है। 30 नवंबर 1974 को सबसे कम 2.8 डिग्री टेम्प्रेचर रहा था।
- जबलपुर में 12 नवंबर 1889 को न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। यह अब तक का रिकॉर्ड है। पिछले 10 साल की बात करें तो 28 नवंबर 2022 को पारा सबसे कम 7.8 डिग्री तक पहुंच गया था।
- ग्वालियर नवंबर में ठंडा रहता है। वर्ष 2013 से 2022 के बीच चार बार न्यूनतम तापमान 8 डिग्री या इसके आसपास रहा था। पिछले दो साल से न्यूनतम तापमान 8 डिग्री ही रहा। 29 नवंबर 1970 की रात में तापमान 3 डिग्री तक पहुंच गया था।
- बैतूल में रात का टेम्प्रेचर 8 डिग्री तक पहुंच जाता है। पिछले 10 साल में यहां पांच बार पारा 8 डिग्री तक पहुंच चुका है। 30 नवंबर 1970 की रात में रिकॉर्ड ठंड पड़ी थी। तब पारा 2.6 डिग्री तक पहुंच गया था।
- चट्टानी इलाका होने से रीवा जिले में भी ठंड का असर रहता है। वर्ष 2014 को 19, 20 और 26 नवंबर में रात का पारा 7 डिग्री तक पहुंच गया था। यहां 30 नवंबर 1970 को रिकॉर्ड ठंड पड़ी थी। तब पारा 4.4 डिग्री तक लुढ़क गया था।