राष्ट्रीय पक्षी मोर के पंख उखाड़ते बनाई रील, वीडियो वायरल; वन विभाग ने दर्ज किया केस
कटनी। आजकल सोशल मीडिया पर शॉर्ट वीडियो यानी रील बनाने का ट्रेंड है। महज लाइक पाने के लिए लोग कुछ भी कर डालते हैं। ऐसा ही वीडियो सामने आया है। इसमें एक युवक ने राष्ट्रीय पक्षी मोर के पंख उखाड़ दिए। उसका साथी वीडियो बनाता रहा। इसके बाद सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी का पता नहीं चला है।
मामला मध्यप्रदेश के कटनी का है। वायरल वीडियो में मोर के साथ एक युवक और युवती बैठे नजर आ रहे हैं। एक अन्य युवक भी नजदीक ही ऊंचाई पर बैठा दिख रहा है। वीडियो में युवक मोर के पंख उखाड़ रहा है। वह हंसते हुए कैमरे के सामने देख रहा है।
रीठी क्षेत्र में दिखा आरोपी
वन विभाग के अफसरों के मुताबिक युवक जिले के रीठी क्षेत्र में दिखाई दिया है, इसलिए वहां तलाश शुरू की। वीडियो में जो बाइक दिख रही है, उसका मालिक परिवहन विभाग के रजिस्ट्रेशन नंबर के अनुसार डिंडौरी निवासी जयमनीषा बिहिलया है। विभाग वाहन मालिक से भी संपर्क करने की कोशिश कर रहा है। आरोपी युवक का पता लगाकर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। वन विभाग के अलावा पुलिस भी मामले की जांच कर रही है।
गुजरात के एनजीओ से मिला वीडियो
डिस्ट्रिक्ट फॉरेस्ट (DFO) ऑफिसर गौरव शर्मा ने बताया कि दो दिन पहले गुजरात के NGO ने वीडियो भेजा था। इंस्टाग्राम पर वीडियो अपलोड किया गया था। सूचना पर कार्रवाई शुरू कर दी। SP को भी जानकारी दी। उसके खिलाफ वन्य जीव संरक्षण कानून के तहत एक्शन लिया जाएगा।
क्या है वन्य जीव संरक्षण कानून
पशु-पक्षियों पर अत्याचार रोकने के लिए भारत सरकार ने साल 1972 में भारतीय वन्य जीव संरक्षण अधिनियम पारित किया था। इसका मकसद वन्य जीवों के अवैध शिकार, मांस और खाल के व्यापार पर रोक लगाना था। इसमें साल 2002 में संशोधन किया गया, जिसका नाम भारतीय वन्य जीव संरक्षण (संशोधित) अधिनियम 2002 रखा गया। इसमें दंड और जुर्माना को और भी सख्त कर दिया गया है।