Sunday, June 8, 2025
MPNation

सिंगर और रैपर बादशाह के `सनक` एलबम से महाकाल के पुजारी नाराज, गाने में भगवान शिव के साथ अश्लील शब्द जोड़े

उज्जैन। फेमस सिंगर और रैपर बादशाह के हाल ही में रिलीज एक एलबम ‘सनक’ का गाना विवादों में आ गया है। महाकाल मंदिर के पुजारी सहित कई भक्तों ने गाने में अश्लील शब्दों के साथ भोलेनाथ का नाम उपयोग करने पर आपत्ति जताई है। पुजारी ने गाने से शिवजी का नाम हटाने और माफी मांगने के लिए कहा है। ऐसा नहीं करने पर केस दर्ज कराने की चेतावनी दी है।

महाकाल मंदिर में वरिष्ठ पुजारी महेश पुजारी ने आरोप लगाया कि हिंदू सनातन में छूट का दुरुपयोग हो रहा है। साधु संत कथावाचक सभी ऐसी चीजों पर मौन हैं। फिल्म स्टार हो या गायक उन्हें भगवान के नाम पर अश्लीलता फैलाना का कोई अधिकार नहीं है। देशभर में एकसाथ उन पर कार्रवाई होनी चाहिए। ऐसे तो हर कोई सनातन धर्म को गलत ढंग से पेश करता रहेगा, हम इसका विरोध करते हैं। महाकाल सेना और पुजारी महासंघ सहित हिंदू संगठन ने तत्काल इस गाने से भगवान भोलेनाथ का नाम हटाने को कहा है।

गाने का विवादित हिस्सा

2 मिनट 15 सेकंड का ये नया गाना ट्रेंड कर रहा है। गाने के 40 सेकंड बाद गाने के अंतरे में बोल है, कभी सेक्स तो कभी ज्ञान बांटता फिरूं… इसके बाद अश्लील शब्दों का प्रयोग करते हुए गाने के बोल हिट पर हिट में मारता फिरूं… तीन-तीन रात में लगातार जागता, भोलेनाथ के साथ मेरी बनती है। इस गाने को सोशल मीडिया के यू-ट्यूब पर अब तक 18 मिलियन लोग देख चुके है। कई नामी हस्तियों ने इस गाने पर रील बनाई है।

शिव भक्तों से माफी मांगे बादशाह

उज्जैन के रहने वाले ऋषभ यादव ने कहा कि जिस गाने में भोलेनाथ का नाम लिया है, उसी गाने में अश्लीलता परोसी जा रही है। ये बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। तत्काल गाने को सोशल मीडिया से हटाएं और बादशाह शिव भक्तों से माफी मांगें, नहीं तो 24 घंटे में FIR दर्ज कराएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *