Sunday, June 8, 2025
MPNationPolitics

MP में राहुल गांधी ने किया चुनावी शंखनाद, शाजापुर में कहा- नरेंद्र देश में मोदी नफरत और हिंसा फैला रहे

शाजापुर। कांग्रेस सांसद चुनावी साल में पहली बार मध्यप्रदेश के दौरे पर हैं। उन्होंने शाजापुर में कांग्रेस के चुनाव प्रचार का शंखनाद किया। राहुल गांधी ने कहा कि ‘नरेंद्र मोदी का काम ध्यान इधर-उधर करने का है, नफरत और हिंसा फैलाने का है। यह काम उन्हें RSS ने सौंपा है।’ वे OBC की सरकार नहीं चलाते।

उन्होंने कहा, ‘देश को 90 अफसर (कैबिनेट सेक्रेटरी और सेक्रेटरी ऑफ गवर्मेंट ऑफ इंडिया) चलाते हैं। निर्णय लेते हैं कि पैसा कहां जाएगा। लेकिन, इनमें 3 अफसर ही OBC के हैं। हिंदुस्तान के बजट में 5% की भागीदारी ही OBC अफसरों की है। जबकि, OBC की आबादी हिंदुस्तान में 50% है।’

आगे कहा, ‘OBC अफसरों का 50% बजट पर कंट्रोल क्यों नहीं है? देश के सामने एक ही मुद्दा है- जातीय जनगणना। OBC कितने हैं? उनकी भागीदारी कितनी होनी चाहिए? जब जातीय जनणगना का सवाल उठाता हूं तो BJP के लोग कांपने लग जाते हैं। नरेंद्र मोदी भागने लग जाते हैं। अमित शाह हिंदू-मुस्लिम कहेंगे। कांग्रेस सरकार आने पर यह पहला काम हम करके दिखाएंगे।’

राहुल गांधी शनिवार को जन आक्रोश यात्रा में शामिल होने कालापीपल विधानसभा क्षेत्र के पोलायकलां पहुंचे। राहुल ने सभा को भी संबोधित किया। कांग्रेस का दावा है कि सभा में 70 हजार लोग जुटे हैं। सभा के बाद कार्यकर्ताओं से भी बातचीत करेंगे। राहुल गांधी का भाषण ओबीसी आरक्षण के इर्द-गिर्द रहा।

एक ओर कांग्रेस, दूसरी ओर आरएसएस

राहुल गांधी ने कहा कि यह विचारधारा की लड़ाई है। एक ओर कांग्रेस, दूसरी ओर RSS और बीजेपी। एक ओर गांधी, दूसरी ओर गोडसे। एक तरफ नफरत, हिंसा, अहंकार, दूसरी तरफ मोहब्बत, आदर, भाईचारा। जहां भी ये जाते हैं, वहां नफरत फैलाते हैं, गुस्सा पैदा करते हैं।

सरकार जनता के लिए चलना चाहिए। किसी संगठन और एक-दो बड़े उद्योगपति के लिए नहीं। पार्लियामेंट में मैंने अडाणी की बात उठाई। जैसे ही भाषण दिया, वैसे ही BJP ने अडाणी की रक्षा के लिए लोकसभा सदस्यता कैंसिल कर दी। एयरपोर्ट्स, इंफ्रास्ट्रक्चर… हर जगह अडाणी दिखाई देंगे। वे किसानों-लोगों की जेब से हर रोज पैसा ले रहै हैं। मीडिया का रिमोट भी अडाणी के हाथ में है।

Rahul Gandhi sounded the election trumpet in MP, said in Shajapur - Narendra Modi is spreading hatred and violence in the country, rahul gandhi, congress news, jan akrosh yatra, shajapur news
शाजापुर में पीसीसी चीफ कमलनाथ भी मौजूद रहे।

महिला आरक्षण में ओबीसी आरक्षण क्यों नहीं?

महिला आरक्षण से पहले सर्वे करने की क्या जरूरत है? महिला आरक्षण में OBC आरक्षण क्यों नहीं है? जबकि नरेंद्र मोदी कहते हैं कि वे OBC के नेता हैं। कानून RSS और BJP वाले बनाते हैं। BJP के सांसदों को भी इस बारे में नहीं पूछा जाता।

कमलनाथ बोले- भाजपा ने 50% कमीशन की व्यवस्था बनाई 

पीसीसी चीफ कमलनाथ ने कहा कि ‘शाजापुर की मशहूर दाल-बाटी मुझे याद आती है। अपनी जवानी भी याद आती है। मत सोचिएगा कि मैं बूढ़ा हो गया हूं।’

राहुल गांधी का नाम लेकर बोले, ‘पूरा प्रदेश आप पर भरोसा कर रहा है। जिस प्रदेश में आप आए हैं, वो भ्रष्टाचार, बेरोजगारी में नंबर-1 है। 18 साल से शिवराज सिंह ने प्रदेश को बर्बादी में घसीटा है। उनकी घोषणा और झूठ की मशीन डबल स्पीड पर चल रही है।’

उन्होंने आगे कहा, ‘MP में BJP ने सौदे से सरकार बनाई। इन्हें रेट कार्ड की यात्रा निकालना चाहिए। हर चीज में 50% कमीशन की व्यवस्था बनाई है। पंचायत से लेकर मंत्रालय तक भ्रष्टाचार है। भाजपा का समय आ गया है।’

230 विधानसभा क्षेत्रों में पहुंची जन आक्रोश यात्रा

मध्यप्रदेश में बीजेपी की जन आशीर्वाद यात्रा के जवाब में कांग्रेस ने 26 सितंबर से जन आक्रोश यात्राओं का आगाज किया था। प्रदेश के 7 अलग-अलग इलाकों से कांग्रेस के 7 सीनियर नेताओं ने इन यात्राओं की शुरुआत की थी। ये यात्राएं लगभग 11 हजार 400 किलोमीटर से ज्यादा का सफर तय कर प्रदेश के सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में पहुंची हैं। कांग्रेस का कहना है कि जन आक्रोश यात्रा के जरिए पार्टी ने जनता के बीच BJP सरकार की खामियों समेत कमलनाथ की सवा साल की सरकार के कामकाज और उनके 11 वचनों को जनता के सामने रखा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *