Sunday, June 8, 2025
MPPolitics

छिंदवाड़ा में भाजपा प्रत्याशी का विरोध, 300 से ज्यादा कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय पहुंचकर की नारेबाजी

छिंदवाड़ा। भाजपा की पांचवीं सूची आते ही कलह शुरू हो गई। शनिवार रात चौरई से दावेदारी कर रहे रमेश दुबे के समर्थक उम्मीदवार लखन वर्मा के विरोध में 300 से ज्यादा कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय पहुंच गए। यहां जमकर नारेबाजी करते हुए कार्यालय का घेराव किया। यही नहीं, केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल, विवेक बंटी साहू और लखन वर्मा के खिलाफ नारे लगाए।

कार्यकर्ताओं का कहना था कि रमेश दुबे ने चौरई में भाजपा को खड़ा किया है। यहां भाजपा का जनाधार उन्हीं के कारण है। उन्होंने कहा- ऐसे गद्दार नहीं चाहिए, जिसने क्रॉस वोटिंग की हो। इस दौरान भाजपा कार्यालय में कार्यकारी भाजपा अध्यक्ष प्रियवर सिंह, भाजपा महामंत्री परमजीत सिंह विज समेत संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। अध्यक्ष ने नाराज कार्यकर्ताओं की बात प्रदेश स्तर तक पहुंचा दी है।

टिकट बदलने का बनाते रहे दबाव

इस दौरान कार्यकर्ता लखन का टिकट बदलने के लिए अध्यक्ष पर दबाव बनाते रहे। कार्यालय के अंदर और बाहर कार्यकर्ताओं ने नरेबाजी कर हंगामा किया।

इससे पहले वर्ष 2003 में लोधी समाज से अजबसिंह लोधी को पार्टी ने टिकट दी थी। विरोध के बाद टिकट बदलकर रमेश दुबे को दी गई थी। अभी भी उसी परिपाटी पर कार्यकर्ता विरोध कर रहे हैं। इधर, लखन वर्मा पर जिला पंचायत में क्रास वोटिंग का आरोप है। इस कारण भाजपा जिला पंचायत में हार गई।

दुबे समर्थकों ने कहा- भाजपा को ऐसे उम्मीदरवार को प्रत्याशी नहीं बनाना चाहिए था। इस बार फिर लोधी समाज से लखन वर्मा को टिकट दी गई है। चौरई में लोधी समाज के लोग 40 हजार हैं। वहीं, 25 हजार ब्राह्मण और 17 हजार रघुवंशी हैं। बाकी अन्य समाज है।

हालांकि चौरई में 60 फीसदी पिछड़ा वर्ग की जनसंख्या है। इस लिहाज से लोधी समाज एक हो जाता है, तो उम्मीद है। वहीं, भाजपा के परंपरागत वोट मिलना तय है।

रमेश दुबे कहते सुने गए हैं कि पांच साल कमजोर लोग इंतजार करते हैं। उनकी इस बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि वे निर्दलीय चुनाव लड़ सकते हैं। उनके समर्थकों का भी कहना है कि किसी भी हालत में चुनाव में लड़ना है। इधर, बंटी पटेल के साथ देने की भी चर्चा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *