प्रियंका गांधी बोलीं- 225 महीनों की सरकार में 250 घोटाले, कहा- भाजपा की सरकार के लोग लूट में व्यस्त
मंडला। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा की 225 महीनों की सरकार है, 250 घोटाले हैं। प्रदेश में आदिवासियों पर जो अत्याचार हो रहे हैं, उसका कोई मुकाबला नहीं है। भाजपा की सरकार के लोग लूट में व्यस्त हैं।
प्रियंका गांधी वाड्रा गुरुवार को मंडला दौरे पर रहीं। यहां उन्होंने कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा को संबोधित किया। पिछले एक हफ्ते में प्रियंका गांधी वाड्रा का यह दूसरी बार मध्यप्रदेश दौरा था।
पढ़िए, क्या कहा प्रियंका गांधी ने…
किसान कर्ज से लेकर मुफ्त बिजली तक के वादे : किसानों का कर्ज माफ करेंगे। 100 रुपए में पहले जैसे 100 यूनिट बिजली देंगे। 200 यूनिट पर आधा बिल। पुरानी पेंशन स्कीम लागू करेंगे। गैस का सिलेंडर 500 में मिलेगा। महिलाओं के खाते में 1500। 5 हार्स पावर सिंचाई तक बिजली मुफ्त। ओबीसी आरक्षण 27% तक रहेगा। जाति जनगणना कराएंगे। जहां 50% से अधिक आदिवासी हैं वहां छठीं अनुसूची डाली जाएगी। अजा-अजजा के बैकलॉग पदों पर तत्काल भर्ती की जाएगी।
पहली से 12वीं तक निशुल्क एजुकेशन: बच्चों की शिक्षा पहली से 12वीं तक निशुल्क होगी। इसका नाम योजना पढ़ो और पढ़ाओ योजना हाेगा। कक्षा एक से आठ तक बच्चों को पांच सौ, नौवीं से 10 तक एक हजार रुपए दिए जाएंगे। 11वीं से 12वीं तक ये हर महीने 1500 रुपए मिलेंगे।
अब सरकार बदलने का समय: मप्र में भाजपा की 225 महीनों की सरकार है, 250 घोटाले हैं। 18 साल से सरकार है, 22 हजार घोषणाएं की हैं। मंडला-जबलपुर सड़क 10 साल में नहीं बना पाए। इतने सारे घोटाले हैं.. बच्चों के पोषण में घोटाला, मिड डे मील में घोटाला, सर्व शिक्षा अभियान में घोटाला, स्कॉलरशिप में घोटाला, भर्ती परीक्षा में घोटाला। ऐसे में बेचारा नौजवान करे क्या? फीस भरकर तैयारी करता है, परीक्षा देता है फिर क्या होता है। उसमें घोटाला हो जाता है।
आपको जूते दे रहे हैं, बोनस नहीं दे रहे: तेंदूपत्ता देने का काम इंदिराजी ने शुरू किया था। आपको जूते दे रहे हैं, बोनस नहीं दे रहे। उसमें कमीशन होगा। क्या जूता-चप्पल, छाते से आपका सम्मान जुड़ा है? क्या आपका सम्मान मेहनत से नहीं जुड़ा है? कांग्रेस की सोच है आपकी मेहनत आपका सम्मान है।
CG की तरह पेसा कानून लागू होगा: छत्तीसगढ़ के बस्तर गई थी। वहां आदिवासी रहते हैं। वहां आज तेंदूपत्ता के लिए प्रति बोरा 4000 रुपए मिलते हैं। आदिवासी क्षेत्र को वहां ब्रांड बना दिया है। यहां भी सरकार आएगी तो तेंदूपत्ता के लिए 4000 रुपए दिए जाएंगे। सीजी की तरह पेसा कानून लागू होगा।
भाजपा के लोग लूट में व्यस्त: डेढ़ लाख महिलाएं और बच्चियां गायब हो गईं। हर रोज 17 रेप हो रहे हैं। आदिवासियों पर जो अत्याचार बरसाए जा रहे हैं, उनका मुकाबला नहीं है। आपको रोजगार नहीं मिल रहे हैं। ये देखकर दुख होता है कि शहीदों की धरती पर रोजगार नहीं है, लोग पलायन कर रहे हैं। भाजपा की सरकार के लोग लूट में व्यस्त रहे हैं। धर्म और जाति की बात होती है, जिसमें आपके जज्बात जुड़े होते हैं।
जाति जनगणना इसलिए क्योंकि हम न्याय दिलवाना चाहते हैं : जाति जनगणना होनी चाहिए। इससे पता चलेगा कि ओबीसी, दलित, अजा, अजजा के कितने लोग हैं। भाजपा की केंद्र सरकार इस मामले में बात करना नहीं चाहती। हम कह रहे हैं देश में गिनती करो, तभी हमें पता चलेगा कि इनके साथ न्याय हो रहा है या नहीं। बिहार में गिनती की गई। 84% लोग ओबीसी और अजजा के हैं। जिनकी आबादी ज्यादा है उनको पद नहीं मिल रहे हैं। ये गिनती इसलिए नहीं करवा रहे क्योंकि न्याय देना नहीं चाहते। हम गिनती चाहते हैं, क्योंकि हम नया देना चाहते हैं।
कमलनाथ बोले- शिवराज ने घर-घर शराब दी
पूर्व सीएम कमलनाथ ने कहा- शिवराज सिंह जी आपने दिया क्या? आपने महंगाई दी, भ्रष्टाचार दिया, बेरोजगारी दी, घर-घर में शराब दी। हम विश्व आदिवासी दिवस का उत्सव मनाएंगे। बैकलॉग भर्ती करेंगे। गांव में बर्तन बैंक बनाएंगे। वन अपराध के सभी केस हम वापस लेंगे। इन्होंने 3200 पट्टों को स्वीकृत नहीं किया, कांग्रेस की सरकार आएगी मैं आपकी समिति बनाऊंगा।