Sunday, July 27, 2025
MP

कांग्रेस विधायक विजयलक्ष्मी साधौ से पुलिस ने की धक्कामुक्की, CM शिवराज का विरोध करने खड़ी थीं

खरगोन/ महेश्वर। मध्यप्रदेश के महेश्वर में शुक्रवार को पूर्व मंत्री और कांग्रेस विधायक विजयलक्ष्मी साधौ के साथ पुलिस ने धक्का-मुक्की की। वे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और राज्यपाल के काफिले के रास्ते में  मांगों की तख्तियां लेकर खड़ी थीं। सीएम के आने से पहले ही पुलिस ने साधौ और उनके समर्थकों को घेर लिया। पुलिस ने विधायक और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।

CM शिवराज डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती और महिला सम्मेलन के मौके पर यहां आए थे। उनका और राज्यपाल का काफिला वीआईपी रोड से गुजरना था। वहां पूर्व मंत्री और क्षेत्रीय विधायक साधौ समर्थकों के साथ जुटी थीं। उन्होंने हाथों में मेडिकल कॉलेज की मांग और निमाड़ उत्साह के आयोजन की मांग वाली तख्तियां ले रखी थीं।

महिला पुलिसकर्मियों ने वाहन में बैठाया

पुलिस ने काफिले के आने से पहले ही विधायक को पकड़कर पुलिस वाहन में बैठाने की कोशिश की। वो वाहन में बैठने से इनकार कर रही थीं। मौजूद पुलिसकर्मी उन्हें जबरन दूर ले जाना चाहते थे। इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें पकड़कर पीछे की ओर धक्का दे दिया। उन्होंने विधायक को जबरन वाहन में बैठाया और थाने ले गए। साथ ही, कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *