छतरपुर पार्षद मर्डर केस: अब दिग्विजय, नाती राजा समेत 60 लोगों पर केस दर्ज; खजुराहो थाने में रातभर दिया था धरना
छतरपुर। छतरपुर में कांग्रेस पार्षद सलमान खान मर्डर केस में पुलिस ने तीसरी FIR दर्ज की है। खजुराहो थाने में मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह और राजनगर कांग्रेस प्रत्याशी व विधायक विक्रम सिंह नाती राजा समेत 60 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
एडिशनल एसपी विक्रम सिंह ने बताया कि 18 नवंबर की रात से 19 नवंबर की दोपहर तक दिग्विजय और नाती राजा समेत 60 लोगों ने खजुराहो थाने के सामने बिना अनुमति टेंट लगाकर धरना प्रदर्शन किया था, जबकि प्रदेश में आदर्श आचार संहिता लागू है। इसी आधार पर भाजपा जिला अध्यक्ष मलखान सिंह ने प्रतिवेदन दिया था। इसके बाद सभी के खिलाफ धारा 188 (आचार संहिता का उल्लंघन) के तहत मामला दर्ज किया है।
वोटिंग के दिन हुई थी पार्षद की मौत
17 नवंबर को वोटिंग से पहले अलसुबह 3 से 4 बजे के बीच कांग्रेस प्रत्याशी विक्रम सिंह नाती राजा, उनके समर्थकों और भाजपा प्रत्याशी अरविंद पटेरिया, उनके समर्थकों के बीच विवाद हो गया था। पार्षद सलमान नाती राजा की गाड़ी चला रहे थे। गाड़ियों से कुचलने से सलमान की मौत हो गई थी। इसके बाद नाती राजा ने भाजपा प्रत्याशी अरविंद पटेरिया सहित 21 लोगों पर हत्या का केस दर्ज कराया था। फिलहाल, सभी आरोपी फरार हैं।
इसके बाद भाजयुमो जिला अध्यक्ष धीरज चतुर्वेदी ने आवेदन दिया। पुलिस ने सोमवार को कांग्रेस विधायक समेत 12 लोगों के खिलाफ हत्या का प्रयास समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया। शिकायत के मुताबिक वोटिंग वाले दिन कांग्रेस विधायक और उनके समर्थकों ने भाजयुमो जिला अध्यक्ष पर जानलेवा हमला किया था।
दिग्विजय ने थाने के सामने दिया था धरना

शनिवार 18 नवंबर को दिग्विजय सिंह सलमान के घर खजुराहो पहुंचे थे। परिवार से बातचीत के बाद उन्होंने 21 घंटे तक खजुराहो थाना परिसर में धरना दिया था। हत्या के आरोपियों पर कार्रवाई के आश्वासन पर उन्होंने रविवार 19 नवंबर को धरना खत्म कर दिया था।
इस पर एसपी अमित सांघी ने बताया कि कांग्रेस प्रत्याशी समेत अन्य पर हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। दोनों ही मामलों में निष्पक्ष जांच करवाई जा रही है।