Sunday, July 27, 2025
MPNationPolitics

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे बोले- इनके मुंह में राम, बगल में छुरी; कहा- हमने अंग्रेजों को भगाया, मोदी क्या हैं?

बालाघाट/डिंडौरी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शनिवार को बालाघाट और डिंडौरी में संबोधित किया। उन्होंने डिंडौरी के शहपुरा की सभा में कहा, ‘ पीएम मोदी ने पार्लियामेंट की नई बिल्डिंग के उद्घाटन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से इसलिए नहीं कराया, क्योंकि वे आदिवासी हैं। इनके मुंह में राम और बगल में छुरी है।’

इससे पहले उन्होंने बालाघाट के कटंगी में सभा की। यहां उन्होंने कहा कि ‘हमारे कार्यकर्ताओं में डर पैदा करने के लिए भाजपा ने छत्तीसगढ़ में ED, इनकम टैक्स और CBI के छापे पड़वाए। राजस्थान और मध्यप्रदेश में भी इनका इस्तेमाल हो रहा है।’

उन्होंने कहा, ‘ब्रिटिश गवर्मेंट के खिलाफ लड़ने वाली कांग्रेस के लिए मोदी क्या हैं? अंग्रेजों को हमने भगा दिया।’ कमलनाथ को लेकर उन्होंने भविष्यवाणी करते हुए कहा कि वे अभी मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष हैं, आगे भी कुछ और बनने वाले हैं।

कांग्रेस कमजोर नहीं होगी

खड़गे ने कहा कि PM मोदी और उनके लोग कांग्रेस को कमजोर करना चाहते हैं। उन्हें लगता है कि इससे BJP को फायदा होगा। वे गलत हैं।

कांग्रेस हर हाल में MP जीतने वाली है। चाहे कितने मोदी, शाह आ जाएं। कितने झूठ बोल लिए जाएं। झूठे आश्वासन दे दिए जाएं। कुछ होने वाला नहीं है।

नरेगा को स्मारक कहा, यही काम आई

खड़गे ने कहा कि BJP के लोगों ने पार्लियामेंट में नरेगा को कांग्रेस का स्मारक बताया। PM मोदी ने भी ये कहा। यही नरेगा कोविड के वक्त काम आई। BJP का प्लान अडाणी, अंबानी जैसों का पेट भरना है। मोदी जी गरीबों का दूर से दर्शन करते हैं। इन्होंने देश के लिए कौन सा बड़ा काम किया।

मोदी जी झूठों के सरदार

खड़गे ने कहा कि 18 साल से MP में सरकार है। एक स्टेट नहीं सुधार पाए, देश क्या सुधारेंगे। मोदी जी झूठों के सरदार हैं। काम नहीं करते, कांग्रेस और गांधी फैमिली को गालियां देते हैं। PM कहते हैं कि कांग्रेस ने कुछ नहीं किया। वे भूल गए कि उन्हें सत्ता में आए 10 साल ही हुए। इसके पहले देश में फैक्ट्रियां, स्कूल, कॉलेज हमने ही बनवाए।

मध्यप्रदेश में 225 महीने की भाजपा सरकार में 250 से ज्यादा घोटाले हुए। मेरे पास घोटालों की पूरी लिस्ट है। मेरे से भी ज्यादा कमलनाथ के पास है।

खड़गे ने डिंडौरी में क्या कहा, पढ़िए… 

  • खड़गे ने कहा कि PM मोदी ने हर साल 2 करोड़ नौकरियां देने की बात कही थी, नहीं दी। 15 लाख भी नहीं दिए। किसानों की आमदनी दोगुना करने का वादा भी पूरा नहीं किया।
  • PM झूठ पर झूठ कहते हैं। वे ऐसा दिखाते हैं कि उनके आने के बाद ही देश में सबकुछ हुआ। उनके जमाने में गरीब और गरीब होता जा रहा है।
  • पार्लियामेंट का उद्घाटन PM ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से नहीं कराया। इसकी नींव रखते समय कोविंद को नहीं बुलाया, क्योंकि वे दलित हैं।

कमलनाथ बोले- नया पेसा कानून बनाएंगे

कमलनाथ ने दावा करते हुए कहा, ‘हमारी सरकार फिर से आएगी। जब विधानसभा चालू होगी, सबसे ऊंचा झंडा बालाघाट जिले का होगा।’ कांग्रेस के वचनों को गिनाते हुए बोले, ‘किसानों का रबी का धान भी खरीदा जाएगा। मुवारिस जाति के लोगों का नाम अनुसूचित जनजाति में जोड़ेंगे।’

बालाघाट के बाद डिंडोरी में सभा में कमलनाथ ने कहा, ‘हमारी सरकार आने पर हम नया पेसा कानून बनाएंगे।’

मध्यप्रदेश में ढाई महीने में दूसरा दौरा

मध्यप्रदेश में कांग्रेस के अध्यक्ष का करीब ढाई महीने में यह दूसरा दौरा है। 22 अगस्त को वे सागर आए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *