नामीबियाई-अफ्रीकी चीते अब भारतीय नामों से पुकारे जाएंगे, ‘ओवान’ हुआ ‘पवन’, ‘सियाया’ कहलाएगी ‘ज्वाला’
श्योपुर। नामीबिया और दक्षिण अफ्रीका से कूनो नेशनल पार्क लाए गए चीते अब अपने नए नाम से जाने जाएंगे। चीतों के नए नाम के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 सितंबर 2022 को प्रसारित ‘मन की बात’ में सुझाव मांगे थे। इसके लिए 26 सितंबर से 31 अक्टूबर 2022 तक ऑनलाइन प्रतियोगिता रखी गई। पर्यावरण मंत्रालय को प्राप्त सुझावों में से नाम फाइनल होने के बाद चीतों को नया नाम मिल गया, जिसकी जानकारी केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव ने दी। 70 साल बाद देश की धरती पर आए चीतों को अब भारतीय नामों से पुकारा जाएगा।
नए नामों के मुताबिक ओवान को अब पवन नाम से जाना जाएगा। सियाया को ज्वाला नाम दिया गया है। एल्टन का नाम गौरव, तिब्लिसी का नाम धात्री, फ्रेडी का नाम शौर्य, स्वाना का नाम नाभा रखा गया है। प्रधानमंत्री ने एक मादा चीता का नाम पहले ही आशा रख दिया था। एक मादा चीता साशा की किडनी में इंफेक्शन की वजह से मौत हो गई थी। ये 8 चीते नामीबिया से कूनो नेशनल पार्क लाए गए थे। पिछले साल 17 सितंबर को अपने जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन्हें बाड़े में रिलीज किया था।
पीएम ने ट्वीट में लिखा- उम्मीद है चीते हमेशा खुश और स्वस्थ रहेंगे
नामकरण को लेकर केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने ट्वीट किया था। इसे रीट्वीट कर प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा- विजेताओं को बधाई और उम्मीद है कि चीते हमेशा खुश और स्वस्थ रहेंगे।
चीते का नया नाम | प्रतियोगिता के विजेता |
आशा | राजोली सेठी, अविनाश गजानन राव गेदाम, ओमप्रकाश सिंह, सतीश रेड्डी, एमके कुमारस्वामी। |
पवन | आश्वी सिंह, शवेश्वर, हरिताश, कार्थी शास्त्री बीएस, अरण्या हलदर, अमन कुमार। |
नभ | अमित राजेंद्र लानावाड़े, नरेंद्र चौधरी, सुनील पाटिल। |
ज्वाला | द्वारकाराम, ईशांत जिंदल, भैया जी। |
गौरव | सतीश रेड्डी, जयंत कोठावाड़े, भूमिका बिष्ट, सुचिस्मिता सेनगुप्ता। |
शौर्य | अनुज कुमार योगी, भूमिका बिष्ट। |
धात्री | रुशव सतपथी, वर्षिनी भट। |
दक्ष | देवंदना, टीनू। |
निर्वा | साम्राज्ञी अग्रवाल। |
वायु | सुमित, अमित, जगताप, इद्रिशा राज, राज शखरे, आशीष शर्मा, शिवानी ठाकुर, सतीश कुमार, अक्षय शर्मा। |
अग्नि | सतीश कुमार, भैया जी, अस्वथी सुरेश, शिवराज स्वामी,, एमएस कुमारस्वामी, अभिषेक लतावा, कार्थी शास्त्री बीएस, बिंदु दानी, अक्षय शर्मा, निधि शर्मा। |
गामिनी | कंचन गुप्ता। |
तेजस | इवान लॉयन जोसफ, वर्षा, मंगलम लाल श्रीवास्तव, शुभम सिंह, रोहत दुबे, भैया जी, अभिषेक लतावा, ओमप्रकाश सिंह। |
वीरा | ओनोरा मुखर्जी। |
सूरज | शिवनंदन मिश्रा। |
धीरा | सोनू, देवानंद। |
उदय | बिप्रदीप घोसाल, सुचिस्मिता सेनगुप्ता। |
प्रभास | अक्षय शर्मा। |
पावक | प्रिया सोनवाने |