‘अयोध्या’ की तरह सजा MP, जबलपुर में ग्वारीघाट पर जलेंगे 51 हजार दीप, गुना-सागर-रतलाम भी होंगे जगमग

भोपाल। अयोध्या में 22 जनवरी, सोमवार को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होगी। देशभर के साथ मध्यप्रदेश में उत्सव मनाया जा रहा है। भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर समेत प्रदेशभर के मंदिरों में साज-सज्जा की गई है।
इससे पहले सोमवार को भी मंदिरों में रामायण पाठ, सुंदरकांड कराया जा रहा है। मंदिरों में लाइटिंग की गई है। जबलपुर में नर्मदा के ग्वारीघाट पर 51 हजार दीप जलाए जाएंगे।
उज्जैन में महाकाल को लगेगा 6 टन हलवे का भोग
सोमवार को उज्जैन स्थित महाकाल को 6 टन रवा के हलवे का भोग लगाया जाएगा। यह हलवा प्रसाद के रूप में दोपहर में महाआरती के बाद भक्तों में बांटा जाएगा। महाकाल की नगरी को भी अयोध्या की तरह सजाया गया है। यहां महाकाल के साथ राममय नजारा दिखाई दे रहा है। चामुंडा माता मंदिर चौराहा, फ्रीगंज, गोपाल मंदिर महाकाल के आसपास के क्षेत्र में सजावट की गई है।
एक दिन पहले ही रविवार को हलवा तैयार कर लिया गया। अन्नक्षेत्र के मिलिंद वैद्य ने बताया कि 6 टन हलवे को करीब 10 लोगों की टीम ने 11 घंटे में बनाया। इसे बनाने में 1000 किलो रवा, 1500 किलो शक्कर, 270 किलो घी, 225 किलो काजू, 225 किलो किशमिश का उपयोग किया गया।

भाेपाल में भवानी मंदिर में बंटेगी 11 क्विंटल मिठाई
भोपाल में पीर गेट स्थित भवानी मंदिर (कर्फ्यू वाली मां) में भी विशेष कार्यक्रम किए जाएंगे। यहां 101 तरह की 11 क्विंटल मिठाई का भोग लगा कर सोमवार को मिठाई बंटेगी। सुंदरकांड पाठ भी होगा। मथुरा-वृंदावन के कलाकार भी नृत्य प्रस्तुति दी। सारेगामा की सौम्या भी प्रस्तुति दी। दो घंटे तक आतिशबाजी होगी। रामधुन पर भजन-कीर्तन हुए।
इससे पहले, रविवार को कई जगह धार्मिक आयोजन हुए। प्रदेश भाजपा कार्यालय में 108 नेत्रहीन दिव्यांगों ने अखंड रामायण का पाठ किया। बाग सेवनिया क्षेत्र में एक हजार श्रद्धालुओं ने भगवान राम की शोभायात्रा निकाली। वहीं, न्यू मार्केट में विशेष साज सज्जा की गई। विधानसभा, मंत्रालय और काली मंदिर, राम मंदिर को सजाया गया। एलएन मेडिकल कॉलेज में MBBS के 250 छात्रों ने मानव श्रृंखला बना कर ‘राम आएंगे’ बनाया।

इंदौर में राम मंदिर की प्रतिकृति व अयोध्या मॉडल पर सजावट
इंदौर में भी सोमवार को इंदौर के बाजार और कॉलोनियां दिवाली की तरह ही सज धज कर तैयार हो गई है। सभी शॉपिंग माल, व्यावसायिक प्रतिष्ठान, बड़े बाजार, सार्वजनिक स्थानों और रहवासी इलाकों में राम मंदिर की प्रतिकृति व अयोध्या मॉडल पर खास सजावट की गई है। संस्थानों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष लाइटिंग और डेकोरेशन किया गया है।
सोमवार को इंदौर में भव्य दिवाली और जश्न की तरह मनाने के लिए पिछले दिनों महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने शॉपिंग माल, बड़े बाजार, व्यवसायिक संस्थान संचालकों और रहवासी संगठनों को पत्र लिखकर अपील की थी।
जबलपुर में ग्वारीघाट पर 51 हजार दीप जलेंगे

सोमवार दोपहर 12 बजे पश्चिम विधानसभा के 21 चौराहों में शंखनाद किया जाएगा। इस मौके पर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ब्राह्मणों के साथ उपस्थित रहेंगे। शाम 6 बजे मां नर्मदा तट ग्वारीघाट में 51 हजार दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।
नर्मदापुरम में सेठानी घाट पर जलाएंगे 11 हजार दीप
नर्मदापुरम में दीपावली जैसा माहौल है। घर, गांव अयोध्या की तर्ज पर मंदिरों में सजावट की गई है। कई मंदिरों में भजन और सुंदरकांड, अखंड रामायण पाठ शुरू हो गया है। सोमवार को प्रसादी, भंडारे के साथ पाठ का समापन होगा। नर्मदा के सेठानी घाट को 11 हज़ार दीपों से सजाया जाएगा। आनंदोत्सव में इंडिया गॉट टैलेंट की विनर इशिता विश्वकर्मा भजनों की प्रस्तुति देंगी। प्राचीन राम मंदिर के अलावा सभी मंदिरों में विशेष आरती होगी।
ग्वालियर में अयोध्या नगर से जनकपुरी जाएगी राम बारात
ग्वालियर में बड़ा आयोजन फालका बाजार स्थित राम मंदिर में हो रहा है। यहां अयोध्या नगरी बनाई गई है। राम मंदिर से करीब दो किलोमीटर दूर सनातन धर्म मंदिर में जनकपुरी बनाई गई है। दोनों के बीच में पाटनकर बाजार में हनुमान गढ़ी की स्थापना की गई है। सोमवार को जनकपुरी से राम रथ से हनुमान गढ़ी होते हुए अयोध्या नगरी पहुंचेंगे। मुख्य समारोह में केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शामिल होंगे। मुरार के द्वारिकाधीश मंदिर में होने वाले आयोजन में विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर शामिल होंगे। इसके अलावा, चेंबर ऑफ कॉमर्स में 2100 दीप जलाए जाएंगे। मंशापूर्ण हनुमान मंदिर पर भंडारा होगा।

सागर में वृंदावन बाग मंदिर में जलाएंगे 5100 दीप
सोमवार को सागर के मंदिरों में दीपोत्सव, अखंड रामायण, सुंदरकांड पाठ, भजन-कीर्तन भंडारे का आयोजन किया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम बस स्टैंड स्थित वृंदावन बाग मंदिर में होगा। यहां 5100 दीपक जलाए जाएंगे। रंगोली सजाई जाएगी।
कार्यक्रम में सभी धर्म गुरुओं के साथ जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जा रहा है। मंदिरों पर रंग-बिरंगी लाइटिंग की गई है। वहीं, कुछ मंदिरों में रंगाई-पुताई का काम चल रहा है। जिले के ज्यादातर मंदिरों में रामायण पाठ, सुंदरकांड पाठ, रामधुन और दीप जलाए जाएंगे।
रतलाम में रामोत्सव मनेगा, मंदिर सजे, रैलियां निकलेंगी
रतलाम शहर ही नहीं, ग्रामीण अंचलों में भी जबरदस्त उत्साह है। मंदिरों में सजावट की गई है। लोग इस दिन को यादगार बनाने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं।
भगवान राम के बड़े-बड़े कटआउट लगाकर सेल्फी पॉइंट बनाए गए हैं। बाजार में केसरिया झंडों की बिक्री जोरों पर है। रामनामी टोपी, साइकिल-बाइक स्टैंड वाले झंडे भी बिक रहे हैं। मेहंदी कुई बालाजी मंदिर में भी 22 दिसंबर से सवा करोड़ राम नाम जाप चल रहा है।

गुना में 121 मंदिरों की सजावट, सुंदरकांड-हनुमान चालीसा का पाठ
सोमवार को यहां कई कार्यक्रम होंगे। शहर को रोशन करने, मंदिरों की सजावट, सरकारी कार्यालयों, मंदिरों की साफ-सफाई शुरू हो गई है। घरों में भी उत्सव मनाया जाएगा। विशेष पूजा-अर्चना कर सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा। दीपक जलाए जाएंगे। हनुमान टेकरी मंदिर ट्रस्ट द्वारा टेकरी पर विशेष शृंगार किया जाएगा।
121 मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर आकर्षक रोशनी की जाएगी। मानस भवन निर्माण एवं संचालन समिति की ओर से रामोत्सव का आयोजन किया जाएगा। नगर पालिका परिसर में बड़ी स्क्रीन लगाकर अयोध्या के कार्यक्रम को लाइव दिखाया जाएगा।

छिंदवाड़ा में राम नाम पत्रकों को पवित्र जल से सिंचन कराया
छिंदवाड़ा में भी लोगों में उत्साह है। ऊंटखाना स्थित प्राचीन श्रीराम मंदिर में मारुति नंदन सेवा समिति की ओर से श्री राम यज्ञ किया गया। यज्ञ स्थल में लगातार श्रद्धालु यज्ञ स्थल की परिक्रमा कर रहे हैं। मंदिर परिसर में लोग बड़ी संख्या में राम नाम पत्रक में राम नाम लिख रहे हैं। समिति संयोजक आनंद बक्षी ने बताया कि यहां राम नाम पत्रकों को पवित्र जल से सिंचन और पूजा अर्चना की जाएगी।