Sunday, July 27, 2025
MP

मुरैना गोलीकांड: शॉर्ट एनकाउंटर में अजीत के पैर गोली लगी; भूपेंद्र के सिर में चोट

मुरैना। मुरैना गोलीकांड के मुख्य आरोपियों से अजीत और भूपेंद्र से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। शॉर्ट एनकाउंटर में अजीत के पैर में गोली लगी है। वहीं, भूपेंद्र के सिर में चोट आई है। मुठभेड़ मंगलवार अलसुबह हुई। जब आरोपियों ने फायर किया, तो पुलिस ने भी बचाव के लिए गोली चलाई। दोनों घायलों को मुरैना जिला अस्पताल लाया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

दोनों ने लेपा-भिड़ौसा गांव में 10 साल पुरानी दुश्मनी में 6 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने शुरुआत में 9 को आरोपी बनाया था। बाद में महिला (रज्जो) का नाम भी जोड़ा गया। पुलिस इससे पहले 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अब अजीत और भूपेंद्र भी अरेस्ट कर लिए गए। अब 4 आरोपी फरार हैं।

महुआ थाना प्रभारी ऋषिकेश शर्मा के अनुसार सुबह करीब 5 बजे अजीत सिंह तोमर और भूपेंद्र तोमर चंबल नदी के उसैथ घाट पर थे। इस दौरान पुलिस और आरोपियों का आमना-सामना हुआ। दोनों तरफ से फायरिंग हुई। अजीत सिंह से एक 315 बोर की राइफल, 2 खाली और 1 भरा हुआ कारतूस जब्त किया है।

हत्याकांड में इन लोगों के शामिल होने का आरोप

हत्याकांड में मुख्य आरोपी अजीत सिंह के अलावा स्वयं धीर सिंह तोमर, उनके दोनों बेटे श्याम सिंह व सोनू तोमर और सोबरन सिंह तोमर के बेटे भूपेंद्र सिंह व बलराम सिंह तोमर के नाम मुख्य रूप से शामिल बताए जा रहे हैं। सोबरन की 2013 में हत्या हो चुकी है। इसके अलावा, अन्य लोग भी शामिल हैं।

सरेंडर के लिए कहा तो की फायरिंग

एसपी शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि मुरैना गोलीकांड के मुख्य आरोपियों की लोकेशन महुआ थाना क्षेत्र के उसैथ घाट के आसपास है। ये वहां से नदी किनारे पड़ोसी प्रदेश में जाने की फिराक में थे। इस पर पुलिस का दल उन्हें पकड़ने गया। घेराबंदी कर उन्हें सरेंडर करने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने पुलिस पर फायर किया। जवाब में पुलिस ने भी फायर किया।

आरोपियों पर था 30 हजार का इनाम

हत्याकांड के आरोपी धीर सिंह, रज्जो देवी, पुष्पा और सोनू तोमर को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। शुरुआत में सभी आरोपियों पर 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित था, इसे सोमवार को ही बढ़ाकर 30 हजार रुपए किया गया है। अभी श्यामू पुत्र धीर सिंह तोमर, मोनू पुत्र धीर सिंह तोमर, रामू पुत्र धीर सिंह तोमर और गौरव पुत्र सूरजभान सिंह तोमर फरार हैं।

मुरैना में हुई थी 6 लोगों की गोली मारकर हत्या

मुरैना के लेपा भिड़ौसा गांव में 5 मई को सुबह एक परिवार के 6 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। गांव के 2 परिवारों के बीच पिछले 10 साल से रंजिश चल रही है। इसके चलते ही एक परिवार ने दूसरे परिवार पर फायरिंग कर दी। 3 पुरुष और 3 महिलाएं की मौत हो गई थी। 3 लोग घायल हुए थे। इसी गांव के रविंद्र सिंह कांग्रेस विधायक हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *