Saturday, June 7, 2025
MP

शादी में दाल-बाफले, लड्डू खाकर 250 से ज्यादा बीमार, एक साथ इतने मरीज पहुंचने से अस्पताल में व्यवस्था बिगड़ी

धार। धार जिले के बदनावर में 250 से ज्यादा लोग फूड पॉइजनिंग से बीमार हो गए। इनमें 26 बच्चों समेत ज्यादातर महिलाएं शामिल हैं। सभी ने धमाना गांव में एक शादी समारोह में दाल, बाफले और लड्डू खाए थे। इसके बाद तबीयत बिगड़ने लगी। इन्हें बस और अन्य वाहनों से बदनावर के सरकारी अस्पताल लाया गया।

अस्पताल में एक साथ इतने मरीज आने से व्यवस्था चरमरा गई। अस्पताल में जिसे जहां जगह मिली, उसे वहीं लेटाकर इलाज शुरू कर दिया गया। कोई अस्पताल के फर्श पर, कोई गैलरी में, तो कोई खुले में पेड़ के नीचे इलाज कराता नजर आया। बीमार लोगों में तीन की हालत गंभीर होने से दूसरे अस्पताल रेफर किया गया। वहीं, 14 मरीजों को प्राथमिक इलाज के बाद बड़नगर रेफर किया गया।

खाना खाने के बाद होने लगी उल्टी

बताया जा रहा है कि धमाना गांव के डूंगर सिंह और कालू के यहां शादी समारोह था। दोनों ने मिलकर सामूहिक भोज रखा था। इसमें बारातियों समेत अन्य मेहमान शामिल हुए। शादी समारोह में दाल, बाफले, लड्डू बनाए गए थे। भोजन के बाद अचानक मेहमानों को उल्टियां होने लगी।

हड़ताल के बावजूद अस्पताल पहुंचे डॉक्टर

फूड पॉइजनिंग की घटना का पता चलते ही बदनावर में हड़ताल पर गए सभी डॉक्टर बीमार लोगों का इलाज करने के लिए अस्पताल पहुंच गए। नगर के कई निजी डॉक्टर भी मरीजों के इलाज के लिए अपनी सेवाएं देने सामने आए। कई सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंचे और मरीजों के इलाज में सहयोग दिया।

खराब मावे की वजह से बिगड़ी तबीयत

आयोजक परिवार के सदस्य कालूसिंह ने बताया कि लड्डू के लिए मावा रतलाम के एक व्यापारी से मंगाया गया था। मावे में खराबी के कारण ही लोगों की तबीयत बिगड़ी। उधर, एसडीएम मेघा पंवार ने बताया कि नायब तहसीलदार प्रशस्ति सिंह को घटनास्थल ग्राम धमाना भेजा गया है। वहां भोजन में उपयोग किए गए लड्डुओं को जब्त किया गया है। सभी बीमार लोगों का इलाज शुरू करवा दिया गया है। हालात नियंत्रण में हैं। मामले की जांच कराई जाएगी। प्रदेश के उद्योग मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव ने भी घटना को लेकर एसडीएम मेघा पंवार से चर्चा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *