मोहन कैबिनेट पर लग सकती है मुहर: दिल्ली में CM ने मोदी और अमित शाह से की मुलाकात
भोपाल। मध्यप्रदेश में डॉ. माेहन यादव कैबिनेट पर आज यानी शुक्रवार को मुहर लग सकती है। डॉ. यादव दिल्ली दौरे पर हैं। यहां उन्होंने मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर शुक्रवार को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की।
वे यहां भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री अमित शाह के साथ बैठक कर सकते हैं। बैठक में प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा और राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश भी शामिल हो सकते हैं। दिल्ली में सीएम ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात की। उनके बीच कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।
बताया जा रहा है कि संभावित बैठक में मंत्रिमंडल के सदस्यों की सूची को अंतिम रूप दिया जा सकता है। संभावना है कि 23 दिसंबर को मंत्रिमंडल विस्तार हो सकता है। मंत्रिमंडल में पुराने चेहरों यानी मंत्री रह चुके नेताओं के बजाय नए चेहरों को तवज्जो मिल सकती है। तीन से पांच बार विधायक बनने के बाद भी मंत्री पद से चूके नेताओं को मंत्रिमंडल में जगह दी जा सकती है।

सांसद से विधायक बने नेता बनेंगे मंत्री
बताया जा रहा है कि सांसद रहते हुए विधानसभा का चुनाव जीतने वाले नेता भी मंत्री बनाए जा सकते हैं। नरेंद्र सिंह तोमर पहले ही विधानसभा के अध्यक्ष बनाए जा चुके हैं। अब प्रहलाद पटेल, राव उदय प्रताप सिंह, रीति पाठक, राकेश सिंह और BJP के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय को भी मंत्री पद मिल सकता है।
सांसदों के साथ CM डॉ. यादव का डिनर
इससे पहले, गुरुवार रात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिल्ली में प्रदेश के सांसदों के साथ मुलाकात की। मध्यप्रदेश भवन में हुई सौजन्य मुलाकात में प्रदेश के विकास से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की। इस दौरान CM ने सांसदों के साथ डिनर भी किया।

इस दौरान दोनों डिप्टी CM राजेंद्र शुक्ल और जगदीश देवड़ा, प्रदेश BJP अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा और राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश भी मौजूद रहे। सांसदों के साथ CM की विकसित भारत संकल्प यात्रा के समन्वय, केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रदेश में क्रियान्वयन और लंबित विषयों पर चर्चा हुई।
सहभोजन में राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह और विवेक तन्खा भी पहुंचे। इस दौरान CM को लेकर दिग्विजय सिंह ने कहा- जनता ने उन्हें अवसर दिया है। अब वे वादे पूरे करें। गारंटी पूरी करें। दिग्विजय सिंह ने कहा कि हमसे सकारात्मक सहयोग मांगा जाएगा तो देंगे।